बस स्टैंड शिफ्ट करने के विरोध में प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, नैनीताल : तल्लीताल डांठ से रोडवेज बस स्टैंड लेक ब्रिज में शिफ्ट करने के विरोध में प
जागरण संवाददाता, नैनीताल : तल्लीताल डांठ से रोडवेज बस स्टैंड लेक ब्रिज में शिफ्ट करने के विरोध में परिवहन निगम के कर्मचारी संगठनों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को कर्मचारियों ने स्टेशन के आगे धरने पर बैठकर नारेबाजी की। बुधवार को फिर से धरना दिया जाएगा।
डांठ में हुई सभा में कर्मचारियों ने कहा कि पूर्व में हाई कोर्ट ने डांठ स्थित स्टेशन के आगे बसों को खड़ा करने की अनुमति दी थी, लेकिन जिला प्रशासन व्यक्ति विशेष के दबाव में आकर रोडवेज को उसी की संपत्ति से बेदखल कर रहा है। परिवहन निगम की परिसंपत्ति को छीनने की कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि लेक ब्रिज में बस स्टैंड शिफ्ट होने के बाद से निगम रोज नुकसान झेल रहा है। क्योंकि टैक्सियों की डग्गामारी चल रही है और लंबे रूटों के लिए निगम को यात्री नहीं मिल रहे।
कुमाऊं क्षेत्र के सभी कर्मचारियों से निगम की संपत्ति बचाने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की अध्यक्ष लीला बोरा ने कहा कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने रखा गया है। बस स्टैंड को सौंदर्यीकरण के नाम पर शिफ्ट करना गलत है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से इस आशय का आदेश सिर्फ मौखिक दिया गया है। यदि निगम की बसों को डांठ में खड़ा करने की अनुमति नहीं मिलती तो कर्मचारी आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। सभा में राजेंद्र लाल, जगदीश बहुगुणा, मोहन चंद्र भट्ट, हंसा जोशी, उमेश कांडपाल, बीके राय, मीरा जोशी, भगवती पांडे, सीमा सिंह, अनुज गौड़, हेम चंद्र गुणवंत आदि शामिल थे।
फोटो-26 एनटीएल 43
परिचय : बस स्टैंड शिफ्ट करने के विरोध में नारेबाजी करते रोडवेज कर्मी।