एचएमटी कर्मियों को विधायक का समर्थन
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: एचएमटी संयुक्त संघर्षशील मोर्चा की ओर से कारखाने को बंदी से बचाने को
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: एचएमटी संयुक्त संघर्षशील मोर्चा की ओर से कारखाने को बंदी से बचाने को लेकर धरना 51 वें दिन भी जारी रहा। इस बीच नैनीताल की विधायक सरिता आर्या ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत कर्मियों को समर्थन दिया।
शुक्रवार को कारखाने के गेट संख्या दो के समक्ष धरना स्थल में हुई सभा में वक्ताओं ने एचएमटी उच्च प्रबंधन पर जमकर निशाना साधा। मोर्चा संयोजक नारायण राम आर्य ने कहा कि एचएमटी बंगलुरू व तुमकुरू की कर्मचारी यूनियनों ने रानीबाग की तर्ज पर बंदी की सिफारिश के खिलाफ आंदोलन का मन बना लिया है। मीडिया प्रभारी खेम सिंह रावत ने बताया कि केंद्रीय सहायक लेबर कमिश्नर के समक्ष प्रतिनिधियों व प्रबंधन ने भी पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि मोर्चा के आंदोलन को औद्योगिक विवाद की श्रेणी में माना गया है।
देर सायं धरना स्थल पर पहुंची नैनीताल की विधायक सरिता आर्या ने कर्मियों को आश्वस्त किया कि फैक्ट्री का विद्युत संयोजन जुड़वाने के लिए वह मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगी। सभा को सुनील डोभाल, एमएन जोशी, शंकर दत्त तिवारी, नारायण राम आर्य, मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट ने संबोधित किया।