इंटर की छात्रा ने की आत्महत्या
हल्द्वानी : बहन के साथ किराये के घर में रह रही इंटर की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की
हल्द्वानी : बहन के साथ किराये के घर में रह रही इंटर की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की देर रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा पढ़ाई के साथ-साथ एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। उसके आत्मघाती कदम से परिजनों में कोहराम मच गया। लाड़ प्यार से पाली बेटी की मौत से मां का बुरा हाल है।
बेतालघाट के मचपानी गांव निवासी कविता नेगी (22) पुत्री बालम सिंह नेगी देवलचौड़, डहरिया में मा व बहन के साथ किराये के मकान में रहती थी। कविता की मां कुछ दिनों से गांव गई है। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद सब सो गए। अचानक कविता की बहन दीपा की आंख खुली। उसने देखा कि कविता के मुंह से झाग निकल रहा है। इससे दीपा डर गई। उसने मकान मालिक को बताने के बाद दिल्ली में नौकरी कर रहे पति को फोन पर जानकारी दी। मकान मालिक की मदद से कविता को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह कविता के जीजा मोर्चरी में पहुंचे। कविता के परिजनों से बात करने पर मालूम हुआ कि कविता एक होनहार लड़की थी। संघर्ष कर आगे बढ़ना चाहती थी। इंटर की पढ़ाई के साथ हल्द्वानी में एक निजी स्कूल में पढ़ाती भी थी। परिजन कविता के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे। कई रिश्ते देखे भी थे। कविता बहनों में सबसे छोटी थी। उसका भाई नहीं है। पूर्व में पिता की भी मौत हो चुकी है। बताते हैं कविता कई दिनों से डिप्रेशन में थी। उसने अपनी तकलीफ किसी से नहीं कही और मौत को गले लगा लिया।