खाई में गिरा टेंपो, चालक घायल
हल्द्वानी : शहर से शनिवार देर रात घर वापस जा रहा एक टेंपो चालक वाहन समेत हैड़ाखान में खाई में जा गिरा
हल्द्वानी : शहर से शनिवार देर रात घर वापस जा रहा एक टेंपो चालक वाहन समेत हैड़ाखान में खाई में जा गिरा। रात भर वह वहीं तड़पता रहा। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकलवाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया।
हैड़ाखान, रौसीला निवासी अशोक कुमार जोशी टेंपो चालक है। शनिवार देर रात वह अपने टेंपो यूके 04 टीए 0524 से घर जा रहा था। काठगोदाम थाने से करीब ढाई किलोमीटर ऊपर पहाड़ पर अचानक टेंपो अनियंत्रित हो गया। इससे वह सीधा खाई में जा गिरा। घायल अशोक रात भर वहीं पड़ा रहा। पैर में चोट की वजह से वह बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर सका। रात के सन्नाटे की वजह से उसे मदद भी नहीं मिल पाई। रविवार सुबह जब आवागमन शुरू हुआ तो लोगों की निगाह करीब 20 फीट नीचे खाई में गिरे टेंपो पर पड़ी तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस ने अशोक को बाहर निकाला और 108 की मदद से उसे बेस अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक उसकी हालत अब बेहतर बता रहे हैं।