जिले में बढ़ रहे महिला अपराध
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: धर्मनगरी में महिलाओं के प्रति अपराध में तेजी से वृद्धि हो रही है। दुष्कर्म के मामले बड़ी संख्या में दर्ज हो रहे हैं। इसके अलावा जिले में हत्या, लूट, चोरी आदि की घटनाओं में भी इजाफा होता गया। रुड़की में जेल के बाहर हुई गैंगवार में सरेशाम हुई गोलीबारी में तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिए जाने की घटना भी इसमें शामिल है।
अकेले लक्सर क्षेत्र में पिछले छह महीनों में दुष्कर्म की डेढ़ दर्जन से अधिक वारदातें पुलिस रिकार्ड में दर्ज की गई हैं। साल खत्म होने पर अभी चार महीने बाकी हैं, लेकिन जिले में अबतक हत्या के 25, डकैती के 8, दुष्कर्म के 30 व महिलाओं के प्रति अन्य अपराधों के 52 मामले पुलिस रिकार्ड में दर्ज हो चुके हैं।
अधिकांश मामलों में तहरीर दिए जाने के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई करना तो दूर की बात पुलिस ने मुकदमा तक दर्ज नहीं किया। छेड़छाड़ के मामलों की तो गिनती नहीं है। नगर में युवतियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इनमें से कई मामले तो पुलिस तक पहुंचते नहीं है, वहीं जो मामले पुलिस तक पहुंचते भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इससे दुष्कर्मियों के हौसले बुलंद हैं।
फेरुपुर मामले का नहीं हो सका खुलासा
पूरे राज्य को हिला कर रख देने वाले पथरी थाना क्षेत्र के फेरुपुर में साल के शुरुआत में ही नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला प्रकाश में आया था। इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस इस मामले में काफी प्रयास करने के बावजूद अब तक हत्यारों का पता पाना तो दूर उसके कारणों तक का पता नहीं लगा सकी है। इस मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने पीड़ित के घर पहुंच माता-पिता को जल्द हत्यारों को पकड़ने जाने का खुला आश्वासन दिया था। इसके अलावा जनवरी में ही राजाजी पार्क में बरसाती नदी के किनारे एक युवती की नग्न लाश मिली थी। युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया था। पुलिस युवती की शिनाख्त तक नहीं कर सकी। मामला आगे नहीं बढ़ सका। इसके कुछ ही दिनों बाद कनखल में बैग के अंदर से बच्ची का शव मिला था। पुलिस अब तक मामले की जांच-पड़ताल ही कर रही है।
लक्सर क्षेत्र की प्रमुख घटनाएं----
22 फरवरी: हाईस्कूल की छात्रा के साथ दो युवकों की ओर से दुष्कर्म का प्रयास
17 मार्च: किशोरी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास
1 अप्रैल: देवर ने भाभी के साथ दुष्कर्म का प्रयास
1 अप्रैल: टैंपो चालक की पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास
6 अप्रैल: 11 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास
17 अप्रैल: विधवा के साथ देवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास
25 अप्रैल: किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास
20 मई: विधवा के साथ दुष्कर्म का प्रयास
11 जून:विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
8 जुलाई: पथरी क्षेत्र में दबंग ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार
21जुलाई: नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास
22 जुलाई: जेठ ने किया भाभी के साथ दुष्कर्म का प्रयास
8 अगस्त: क्षेत्र में चारा लेने गई अधेड़ महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास