एचआरडीए ने गेस्ट हाउस का ताला तोड़ा, बवाल
जागरण संवाददाता, रुड़की: हिमालयन गेस्ट हाउस पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद थमता नहीं नजर आ रहा है। गुर
जागरण संवाददाता, रुड़की: हिमालयन गेस्ट हाउस पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद थमता नहीं नजर आ रहा है। गुरुवार को हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने ताला तोड़कर गेस्ट हाउस में प्रवेश कर कार्यालय का बोर्ड लगा दिया। इस पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर आ धमके और विरोध जताया। उन्होंने जिलाधिकारी के अधिग्रहण पत्र को नकारते हुए पूरे मामले की जानकारी लखनऊ में प्रदेश शासन को भी दे दी है।
पीर बाबा कालोनी मार्ग पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग का हिमालयन गेस्ट हाउस है। गेस्ट हाउस को हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण का कार्यालय बनाने के लिए अधिग्रहण करने की प्रक्रिया चल रही है। जिलाधिकारी की ओर से सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर इस गेस्ट हाउस में एचआरडीए का कार्यालय खोलने देने के लिए कहा गया था। पत्र जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने प्रदेश शासन से अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन गुरुवार को एचआरडीए की टीम ने ताला तोड़कर गेस्ट हाउस में प्रवेश कर लिया और कार्यालय का बोर्ड भी लगा दिया।
गेस्ट हाउस पर कब्जे की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता कमर अहमद कर्मचारियों समेत गेस्ट हाउस जा धमके। उन्होंने एचआरडीए सचिव निधि यादव से वार्ता कर ताला तोड़ने और बोर्ड लगाने पर विरोध जताया। तर्क दिया कि जिलाधिकारी के अधिग्रहण का पत्र मान्य नहीं है। जब तक उत्तर प्रदेश शासन से अधिग्रहण के संबंध में निर्देश जारी नहीं होते तब तक गेस्ट हाउस को हैंडओवर नहीं किया जा सकता। करीब आधा घंटे चली वार्ता में एचआरडीए के वापस न जाने पर सहायक अभियंता और अन्य कर्मचारी बैरंग लौट गए। सहायक अभियंता कमर अहमद ने बताया कि एचआरडीए मनमानी कर जबरन कब्जा लेने का प्रयास कर रहा है, जो सही नहीं है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन समेत उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई है। जरुरत पड़ी तो पुलिस से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।