कॉलेज गेट पर छात्रों ने की हवाई फायरिंग
संवाद सूत्र, लक्सर: विवाद के चलते छात्र संघ अध्यक्ष की तलाश में डिग्री कॉलेज पहुंचे दूसरे गुट के छात्रों ने कॉलेज गेट पर हंगामा करते हुए फायरिंग कर दी। इस पर वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के आने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व नगर के दो अलग-अलग इंटर कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। इसमें एक गुट ढाढेकी व दूसरा दाबकी गांव के छात्रों का बताया जा रहा है। बाद में दोनों पक्षों के बीच वार्ता और फिर सुलह हो गई थी। समझौते के दौरान राजकीय महाविद्यालय का छात्र संघ अध्यक्ष गोपाल भी एक गुट की ओर से मौजूद था। वार्ता के दौरान उसकी दूसरे गुट के साथ नोक-झोक हुई थी। उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लेकिन छात्र संघ अध्यक्ष गोपाल दूसरे गुट के निशाने पर आ गया।
बुधवार को राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान दूसरे गुट के आधा दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंच गए और गोपाल की तलाश की। लेकिन गोपाल कॉलेज नहीं गया था। इस पर युवकों ने कॉलेज गेट पर हंगामा करते हुए हवा में फायर किए। फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली बीके शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो चुके थे। कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
दूसरी ओर पुलिस आरोपी युवकों की पहचान का प्रयास कर रही है। प्राचार्य एसके पुरोहित ने बताया कि वह हल्द्वानी में हैं। मामले की सूचना उन्हें मिली है। कार्यवाहक प्राचार्य आशुतोष शरण ने बताया कि वह प्रवेश प्रक्रिया में व्यस्त थे। फायरिंग की आवाज सुनने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।