ईवीएम में कैद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: छिटपुट घटनाओं को छोड़ नगर निगम वार्ड 22 (गोविंदपुरी) उपचुनाव शांतिपूर्वक स
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: छिटपुट घटनाओं को छोड़ नगर निगम वार्ड 22 (गोविंदपुरी) उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। शाम पांच बजे तक 55.5 फीसद मतदान हुआ। ईवीएम में कैद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बृहस्पतिवार को होगा।
वार्ड 22 उपचुनाव के लिये एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाता पहुंचने शुरू हो गये थे। हालांकि शाम चार बजे तक मतदान बेहद धीमा रहा। सुबह दस बजे 10 फीसद, 12 बजे 21.5, दोपहर दो बजे 30 और शाम चार बजे यह 35 फीसद रहा। आखिरी घंटे में वोटिंग प्रतिशत बढ़ा। पोलिंग खत्म होने तक 55.55 फीसद मतदान हुआ। इधर मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करते दिखे। दोपहर के वक्त भाजपा-कांग्रेसकार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक के बाद पार्टी प्रत्याशियों के बस्ते के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी गई। मतदान खत्म होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच निगम सभागार में बनाये गये स्ट्रॉंग रूम में रखवाया गया। चुनाव अधिकारी शूरवीर सिंह मटूरा ने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे से नगर निगम सभागार में ही वोटों की गिनती होगी।
सीट पर है त्रिकोणीय मुकाबला
वार्ड 22 उपचुनाव पर भाजपा-कांग्रेस और निर्दल प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा से इस सीट के लिये दिवंगत पार्षद जागेश गुप्ता की पत्नी वंदना गुप्ता, कांग्रेस से अजय नेगी और भाजपा के बागी निर्दल प्रत्याशी सचिन बेनीवाल चुनाव मैदान में है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और नगर विधायक मदन कौशिक के गृह वार्ड के चलते भी यह चुनाव बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।