गर्मी की दस्तक के साथ पेयजल संकट गहराया
जागरण संवाददाता, रुड़की: गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। शहर की विभिन्न कॉलोनी स
जागरण संवाददाता, रुड़की: गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। शहर की विभिन्न कॉलोनी से पानी की आपूर्ति बाधित होने, लो प्रेशर और दूषित पानी की शिकायतें आने लगी हैं। सोमवार को भी सिविल लाइंस क्षेत्र में जहां उपभोक्ताओं को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा, वहीं संजय गांधी कॉलोनी में दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान रहे।
गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। ऐसे में गर्मी के मौसम में होने वाली परेशानियां भी शुरू होने लगी हैं। सोमवार को गांधी वाटिका में ट्यूबवैल की मोटर फुंकने से पंप बंद हो गया था। इस कारण हजारों उपभोक्ताओं को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। जल संस्थान की ओर से दूसरे पंपों के माध्यम से इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पानी की आपूर्ति करने का प्रयास किया, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। लो प्रेशर के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका। वहीं रविवार को चंद्रपुरी और आदर्श नगर में भी ट्यूबवैल की मोटर क्षतिग्रस्त होने से लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ा था। हालांकि कुछ स्थानों पर रविवार शाम और कुछ जगह सोमवार सुबह तक पानी की आपूर्ति को बहाल कर दिया था। उधर, संजय गांधी कॉलोनी की गली नंबर दो में पिछले एक पखवाड़े से उपभोक्ताओं के घरों में दूषित पानी आ रहा है। ऐसे में स्थानीय निवासी गंदा पानी पीने को विवश हैं। दूषित पानी के सेवन से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता राजेश कुमार निर्वाल के अनुसार गांधी वाटिका में सुबह से ही कर्मचारियों को मोटर को दुरुस्त करने में लगा दिया है। वहीं संजय गांधी कॉलोनी में भी फॉल्ट का पता लगाया जा रहा है।