उलझे शासनादेश से कई आंदोलनकारियों के चेक रूके
जागरण संवाददाता, रुड़की: उलझे शासनादेश के चलते राज्य आंदोलनकारियों के चेक अटक गए हैं। इससे वह शपथ पत्
जागरण संवाददाता, रुड़की: उलझे शासनादेश के चलते राज्य आंदोलनकारियों के चेक अटक गए हैं। इससे वह शपथ पत्र नहीं बनवा पा रहे हैं। वहीं विभागीय अधिकारी उच्च अधिकारियों से सलाह लेने की बात कह रहे हैं।
तीन माह पूर्व प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन जारी कर दी थी। पेंशनधारकों को छह माह की धनराशि एक साथ दी जा रही है। पेंशन लेने के लिए आने वाले लोगों को एक शपथ पत्र देना होगा, जिसमें उन्हें इस बात का जिक्र करना होगा कि वह इसके अलावा कोई दूसरी पेंशन नहीं ले रहे हैं। इस शपथ पत्र को बनवाने में कई लोगों के आड़े कुछ दिक्कतें आ रही हैं। दरअसल कुछ राज्य आंदोलनकारी महिलाएं सैनिक परिवार से हैं। कई महिलाएं ऐसी हैं, जिनके पति का निधन हो गया है और उनको पेंशन मिल रही है। ऐसे में शपथ पत्र बनवाने में दिक्कत आ रही है। रुड़की तहसील में कुल 146 राज्य आंदोलनकारियों में से 30 से अधिक के चेक रूक गए हैं। इसके अलावा कुछ आंदोलनकारी यहां से दूसरी जगह चले गए हैं। अपर तहसीलदार आशीष कुमार घिल्डियाल ने बताया कि इस बाबत उच्च अधिकारियों से सलाह ली जा रही है। इसके बाद ही ऐसे चेक दिए जाएंगे।