कान्हा जन्मोत्सव पर श्याम रंग में रंगी धर्मनगरी
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर धर्मनगरी के लोग श्याम सुंदर के रंग में रंगे दिखाई दिए
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर धर्मनगरी के लोग श्याम सुंदर के रंग में रंगे दिखाई दिए। जन्माष्टमी पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया तो कान्हा की दिल मोहने वाली झांकी निकाली गई। वहीं स्कूलों में भी छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
गुरुवार को आर्यनगर मयूर विहार स्थित सिद्धपीठ सिद्धाश्रम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। इस मौके पर आश्रम के परमाध्यक्ष योगेश्वर पुष्पनंदन महाराज ने जन्माष्टमी व्रत का महत्व बताते हुए कहा कि तन की शुद्धता से पवित्र विचार आते हैं और पवित्र मन में ही भगवान का वास होता है। उधर, सिद्धपीठ प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर समिति की ओर से सुभाष घाट हरकी पैड़ी पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इसमें कलाकारों ने बालकृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति की ओर से गऊघाट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कार भारी ने भी नंदलला का जन्मोत्सव मनाया। दक्षिणकाली मंदिर में लगाया 56 भोग
दक्षिणकाली मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद बह्मचारी महाराज ने श्रीकृष्ण को 56 प्रसाद का भोग लगाया। श्री दक्षिण कालीपीठाधीश्वर महामंडलेश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि भगवान का अवतार समाज में करुणा, वात्सल्य एवं समरसता का भाव जागृत करने के लिए हुआ है। कहा कि श्रीकृष्ण के कर्मयोग की प्रासंगिकता आज भी है।
इस्कान ने किया महाभिषेक
इस्कान हरिद्वार की ओर से ज्वालापुर स्थित शुभारंभ बैंक्वेट हॉल में जन्माष्टमी पर महाभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें लड्डू गोपाल को 108 प्रकार के भोग लगाए गए। इस मौके पर देशी-विदेशी श्रद्धालु देर रात तक श्रीकृष्ण के गीतों पर जमकर झूमे। अभिषेक के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को द्रव्यों, रसों, पंचामृत, पंचगव्य आदि से स्नान कराया गया।
देहात में भी रही जन्माष्टमी की धूम
देहात क्षेत्र में भी जन्माष्टमी की धूम रही। लक्सर, पथरी, धनौरी व लालढांग क्षेत्र में विभिन्न जगह झांकियां सजाई गई। लालढांग बाजार में लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण-राधा, शंकर-पार्वती, गणेश की मनमोहक झांकियां निकाली गई। इस मौके पर सूर्यकांत रावत, आलोक द्विवेदी, सुरेंद्र सिंह, विनोद वर्मा, संजय नेगी आदि उपस्थित थे।