50 लाख से जगमग होंगी कांवड़ पटरियां
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: कांवड़ मेले को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए ऊर्जा निगम व जिला प्रशास
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: कांवड़ मेले को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए ऊर्जा निगम व जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ पटरी को जगमगाने के लिए पचास लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए ऊर्जा निगम ने टेंडर भी प्रकाशित किया है। इसमें शंकराचार्य चौक से लेकर मोहम्मदपुर झाल करीब 55 किमी तक की दूरी शामिल है। पटरी पर अस्थाई तौर से पोल, तार और सीएफएल बल्ब लगाए जाएंगे। साथ ही इन्हें जगमगाने के लिए चालीस छोटे जेनरेटर का भी इंतजाम किया जाएगा।
कांवड़ मेले की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। शंकराचार्य चौक से लेकर मोहम्मदपुर झाल करीब 55 किमी तक की दूरी कांवड़ पटरी में शामिल है। इसमें अंधेरा न रहे इसके लिए शासन ने ऊर्जा निगम को 49.19 लाख रुपये की धनराशि दी है। इससे ऊर्जा निगम कांवड़ पटरी के आसपास करीब दो हजार अस्थाई तौर से बांस के पोल और तार लगाने का कार्य पूरा कराएगा। इसके बाद निगम दो हजार सीएफएल भी लगाएगा। इनको सायं में सात बजे से अगली सुबह पांच बजे तक रोशनी के लिए चालीस जेनरेटर भी लगेंगे।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता बीएस पंवार का कहना है कि कांवड़ पटरियों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था को लेकर कार्य शुरू कर दिया है। कुछ अन्य कार्यों पर निविदा भी मांगी है, ताकि 11 जुलाई तक कार्यों को पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि समय बहुत कम है। जबकि कार्य अधिक हैं। इसलिए अतिरिक्त भी कर्मचारी मंगाए जा सकते हैं।