जमीनों के विवाद कराएंगे बड़ा बवाल
जागरण संवाददाता, रुड़की: विवादित भूमि के मामलों का त्वरित निपटारा करने में प्रशासन हीलाहवाली कर रहा ह
जागरण संवाददाता, रुड़की: विवादित भूमि के मामलों का त्वरित निपटारा करने में प्रशासन हीलाहवाली कर रहा है। कई गांव में भूमि को लेकर तनातनी बनी हुई है जोकि किसी दिन बडे़ बवाल के रूप में तब्दील हो सकती है। इब्राहिमपुर देह में भूमि को लेकर तीन माह पहले बड़ा विवाद हो भी चुका है।
इस समय रुड़की तहसील क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव में भूमि को लेकर चल रहे विवाद तनाव पैदा किए हुए हैं। पुलिस भी ऐसे मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ ले रही है। जिस महकमे के पास इन विवादों के निपटारे की जिम्मेदारी है वह भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है।
केस वन: तीन माह पहले इब्राहिमपुर गांव में भूमि को लेकर दो पक्षों में जबरदस्त संघर्ष हुआ। पुलिस को बड़ी मुश्किल से इस विवाद को दबाना पड़ा।
केस टू: बाजूहेड़ी गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील भवन में पहुंचकर डीएम के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई कि गांव में एक भूखंड पर कुछ लोग अवैध तरीके से कब्जा करना चाहते है लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
इन गांव में भूमि विवाद के चलते तनाव
रुड़की तहसील क्षेत्र के इब्राहिमपुर देह, बाजूहेड़ी बेलड़ा, कलियर, सलेमपुर, नगला, लंढौरा, पनियाला आदि गांव में भूमि को लेकर विवाद बना हुआ है। यहां के ग्रामीण कभी तहसीलदार तो कभी एसडीएम दफ्तर के चक्कर रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन विवाद के निपटारे के लिए गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
'कई गांव में भूमि विवाद बना हुआ है। पुलिस की ओर से इस बाबत प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जरूरत रहती है, अन्यथा तनाव बढ़ने का खतरा रहता है। संवेदनशील मामलों में पुलिस पूरी चौकन्नी है।'-प्रमेंद्र डोबाल एसपी देहात
'जमीन से जुडे़ मामले में तहसील प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है। ऐसे मामलों के जल्द से जल्द निपटारे के लिए कमेटी गठित की जाएगी। लंढौरा समेत कई गांव के मामलों को सुलझाने का कार्य प्रशासन ने किया है। बाजूहेड़ी, इब्राहिमपुर के भूमि विवाद को भी जल्द सुलझा लिया जाएगा।'-मनीष कुमार ¨सह उप जिलाधिकारी रुड़की