अधिकतम तापमान में दो डिग्री का उछाल
जागरण संवाददाता, रुड़की: एक दिन की राहत के बाद शनिवार को फिर से शहरवासियों को चिलचिलाती गर्मी झेलनी प
जागरण संवाददाता, रुड़की: एक दिन की राहत के बाद शनिवार को फिर से शहरवासियों को चिलचिलाती गर्मी झेलनी पड़ी। तीखी धूप और चढ़ते पारे ने दिनभर लोगों का हाल बेहाल किए रखा।
शुक्रवार की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान ने दो डिग्री की छलांग लगाई। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में शुक्रवार की तुलना में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर, सुबह से ही आसमान में चटक धूप खिल गई। इस कारण सुबह से ही लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ते-चढ़ते धूप की तपिश और पारा दोनों ही बढ़ता गया। उधर, बिजली की आंखमिचौनी ने भी लोगों को पसीने से तर-बतर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आसमान से बरसती आग के कारण राहगीरों को भी काफी परेशानी हुई। कई राहगीर गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ों की छांव तलाशते नजर आए। उधर, गर्मी में गले को तर करने के लिए शीतल पेय पदार्थो की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। नारियाल पानी, फलों का जूस, गन्ने का जूस, शिकंजी, लस्सी सहित अन्य पेय पदार्थो की मांग बढ़ गई है। साथ ही गर्मी में लक्ष्मीनारायण मंदिर किनारा, गंगनहर घाट, आसफनगर झाल सहित अन्य रजवाहों पर कई लोग खुद को राहत दिलाने को पहुंच रहे हैं।