जिलाधिकारी पर कार्रवाई करो, फिर करेंगे बात
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: गंगा व सहायक नदियों में उपखनिज उठाने के विरोध में जल त्याग कर अनशन पर बैठ
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: गंगा व सहायक नदियों में उपखनिज उठाने के विरोध में जल त्याग कर अनशन पर बैठे मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने कहा कि प्रशासन से इस संबंध में कोई बात नहीं होगी। जल त्यागने के बाद स्वामी शिवानंद कमरे में ही स्वयं को बंद किए हैं।
प्रशासन की ओर से बाढ़ सुरक्षा का हवाला देते हुए गंगा व सहायक नदियों में दी गई उपखनिज उठाने की अनुमति का स्वामी शिवानंद विरोध कर रहे हैं। उनका जल त्याग तीसरे दिन भी जारी रहा। अन्न लेना उन्होंने 21 मई से ही बंद किया हुआ है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन से वे इस मुद्दे पर किसी तरह की वार्ता नहीं करेंगे, प्रशासन पूरी तरह से अवैध खनन कराने मे लगा है। प्रशासन से वार्ता तभी संभव है जब जिलाधिकारी पर कार्रवाई की जाए। मातृसदन में स्वामी शिवानंद के साथ ही उनके शिष्य ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद का अनशन भी जारी रहा। ब्रह्मचारी 16 मई से अनशन पर बैठे हैं।