लू के थपेड़ों ने किया हाल बेहाल
जागरण संवाददाता, रुड़की: लू के थपेड़ों ने शनिवार को शहरवासियों का हाल बेहाल कर दिया। वहीं तपिश ने भी प
जागरण संवाददाता, रुड़की: लू के थपेड़ों ने शनिवार को शहरवासियों का हाल बेहाल कर दिया। वहीं तपिश ने भी पसीने छुड़ाने में कोई कसर नहीं छुड़ाई। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। अधिकतम तापमान भी चढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी मौसम का मिजाज काफी गर्म रहा। सुबह से ही तेज धूप निकल गई। दिन चढ़ने के साथ ही धूप की तपिश भी बढ़ती गई। इसके बाद दिनभर आग उगलती गर्मी ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खूब पसीना बहाना पड़ा। आइआइटी के जल संसाधन एवं विकास प्रबंधन विभाग के शोधार्थी सुनील के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया। उनके अनुसार धीरे-धीरे तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
घर से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
दोपहर के समय आग उगलती गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। यही वजह है कि दोपहर एक से लेकर तीन बजे तक सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो रही है। वहीं दोपहर के समय बाजार भी सूने नजर आने लगे हैं।