प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी विवाहिता
संवाद सूत्र, मंगलौर: मैडम मुझे अपने प्रेमी के साथ ही रहना है। वह जिस हाल में भी रखेगा रह लूंगी, लेकि
संवाद सूत्र, मंगलौर: मैडम मुझे अपने प्रेमी के साथ ही रहना है। वह जिस हाल में भी रखेगा रह लूंगी, लेकिन अपने मायके और ससुराल नहीं जाऊंगी। यह बात मंगलवार को मंगलौर कोतवाली पहुंची एक विवाहिता ने महिला दरोगा प्रमिला बिष्ट से कही।
अपनी तीन साल की लड़की के साथ कोतवाली पहुंची विवाहिता ने बताया कि उसका मायका बहादराबाद में है। छह साल पहले उसकी शादी बेलड़ा रुड़की निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ दिनों के बाद ही उसका पति बीमार हो गया। उसकी लड़की ने भी उसके मायके में ही जन्म लिया था। तब से वह मायके में ही रह रही है। आरोप है कि दूर की रिश्तेदारी का ग्राम नगलाचीना निवासी एक युवक उसके घर आता जाता था। 25 फरवरी को उसने उसे बहला फुसलाकर उसे कई दफा अन्य शहरों में घुमाया। साथ ही कई बार अपने घर पर भी कई दिनों तक रखा और शारीरिक शोषण किया। अब युवक उसे अपने साथ रखने से मना कर रहा है। पीड़िता ने कहा कि अब वह अपनी बच्ची के साथ न तो अपने मायके जा सकती है और न ही ससुराल। पीड़िता अब आरोपी युवक के साथ जाने की जिद पर अड़ी है। दरोगा प्रमिला बिष्ट का कहना है कि विवाहिता को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उसके परिजनों को बुलाया गया है। परिजनों के आने पर मामला सुलझ जाएगा। आरोपी युवक कक्षा बारह का छात्र बताया जा रहा है।