श्रमिकों और पुलिस के बीच नोकझोंक
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: एवरेडी के श्रमिकों और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों के शोषण के
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: एवरेडी के श्रमिकों और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों के शोषण के खिलाफ चिन्मय डिग्री कालेज चौक से रैली निकाली। दवा चौक से जुलूस ले जाने को लेकर श्रमिकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद श्रमिकों को अपनी महारैली को सीधे कलक्ट्रेट ले जाना पड़ा। इधर, सहायक श्रमायुक्त (एएलसी) कार्यालय पर भी श्रमिकों को धरना-प्रदर्शन जारी रहा।
श्रमिकों का जुलूस प्रदर्शन चिन्मय डिग्री कालेज के चौक से शुरू हुआ। सिडकुल चौक होते हुए श्रमिकों का जुलूस हीरो चौक के पास पहुंचा। हीरो चौक से दवा चौक की ओर जाने के लिए श्रमिक आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर पुलिस और श्रमिकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। श्रमिकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। श्रमिकों ने पुलिस प्रशासन पर उनके आंदोलन को कुचलने का आरोप लगाया। इसके बाद श्रमिकों को अपनी रैली कलक्ट्रेट की ओर ले जानी पड़ी, जहां श्रमिकों ने एडीएम (प्रशासन) जीवन सिंह नगन्याल को ज्ञापन दिया। श्रमिकों ने कहा कि पहले एवरेडी प्रबंधन ने अचानक फैक्ट्री बंद की। बाद में 14 श्रमिकों को निलंबित कर दिया और अब कंपनी प्रबंधन निलंबित श्रमिकों को वापस लेने को तैयार नहीं है। श्रमिकों ने कहा कि अगर न्याय नहीं मिला तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा। धरना प्रदर्शन करने वालों में मुकेश गोला, फय्याज अहमद, संतोष यादव, पूरन सिंह रावत, महेंद्र वर्मा, जयेश राणा, सतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल थे।