बहनों ने भाइयों को टीका लगा दीर्घायु की कामना की
जागरण संवाददाता,हरिद्वार: दीपावली महोत्सव का अंतिम पर्व भैया दूज धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्रों में
जागरण संवाददाता,हरिद्वार: दीपावली महोत्सव का अंतिम पर्व भैया दूज धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया। बहनों ने भाईयों को टीका लगाकर मिष्ठान खिलाकर दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को यथाशक्ति उपहार आदि भेंट किए।
शनिवार को भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला भैया दूज का त्योहार धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन बहनों ने अपने भाई का पूजन कर उन्हें टीका लगाया। भाइयों की लंबी उम्र के लिए मनाये जाने वाले इस त्योहार में दिन भर सड़कों पर आने-जाने वालों की भीड़ लगी रही। भैया दूज को यम द्वितीया भी कहते हैं क्योंकि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को यम का पूजन होता है। इसी दिन पहली बार यमुना ने अपने भाई यमराज को टीका लगा कर वरदान मांगा था कि इस दिन जो मेरे जल से स्नान करे, उसे यम के दर्शन न हों। उसी दिन से यह भाई बहन के प्रेम के प्रतीक के रूप में मनाया जाने लगा। शनिवार को इस त्योहार पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र की दुआ की। भाईयों ने भी अपनी बहनों को यथाशक्ति उपहार भेंट किए। लिहाजा शनिवार को शहर के बाजारों में भी भाई अपनी बहनों को उपहार भेंट करने के लिए खरीददारी करते दिखे। मिठाई की भी अच्छी बिक्री हुई। इस दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी आने जाने वालों की भीड़ लगी रही।