मुकदमा दर्ज होता देख दोनों ने किया समझौता
संवाद सहयोगी, रुड़की: गंगनहर कोतवाली पुलिस ने जब दोनों ओर से मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर ली तो दोनों पक्षों के लोग समझौता करने को राजी हो गए। तब पुलिस को दोनों को घर जाने दिया।
रविवार को गांधी नगर निवासी नीरज आजाद नगर में आयोजित म्हाड़ी के मेले से घर आ रहा था। इसी बीच उसका सामना गांधी नगर निवासी पुष्कर सिंह से हो गया था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि इसी बीच पुष्कर सिंह का पिस्टल नीचे गिर गया। इस पर पुष्कर सिंह ने गंगनहर कोतवाली में फोन कर युवक पर पिस्टल छीनने का प्रयास करने की सूचना दे दी। इस पर पुलिस में हड़कंप मच गया और मौके पर जाकर चेतक पुलिस युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। कुछ देर बाद पुष्कर सिंह भी कोतवाली में पहुंच गया। जहां पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गाली-गलौज करने व मारपीट करने का आरोप लगाया। पुष्कर सिंह ने पिस्टल छीनने का प्रयास करने की शिकायत की तो दूसरे पक्ष ने गोली चलाने की बात कही। इस पर दोनों पक्ष के लोग देर रात तक कोतवाली में हंगामा करते रहे। पर जब पुलिस ने देखा कि यह मानने वाले नहीं है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयदेव आर्य ने दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए। इस पर पुलिस ने जैसे ही मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की तो दोनों पक्ष समझौता करने पर आ गये। बाद में दोनों पक्षों को समझाने आये अन्य लोगों ने पुलिस को आश्वस्त किया कि आगे से इनके बीच कोई किसी तरह का विवाद नहीं होगा। तब जाकर पुलिस ने दोनों को देर रात अपने-अपने घर जाने दिया।