दाई से कराया प्रसव, महिला की हालत बिगड़ी
जागरण संवाददाता, रुड़की: मंगलौर क्षेत्र के मुंडलाना गांव में दाई से प्रसव कराने पर महिला और गर्भस्थ की जान पर बन आई। महिला के जुड़वा बच्चे होने से एक नवजात का जन्म तो हो गया, लेकिन दूसरे का जन्म नहीं हो पाया। हालत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत चिंताजनक बनी है।
सरकार की ओर से सुरक्षित प्रसव के लिए जननी सुरक्षा समेत कई योजनाओं का संचालन किया है, लेकिन आज भी कई गांव ऐसे हैं, जहां पर महिला का प्रसव परंपरागत ढंग से ही हो रहा है। सब काम दाई ही संभाल रही है। मंगलौर के मुंडलाना गांव में ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। गुरुवार तड़के महिला के प्रसव के लिए परिवार वालों ने गांव से दाई को बुला लिया। महिला ने एक बच्चे को तो जन्म दे दिया, लेकिन दूसरे बच्चे को जन्म नहीं दे पाई और उसकी हालत बिगड़ गई। महिला की हालत को देख परिजन उसे सिविल अस्पताल रुड़की लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने आनन-फानन उसे भर्ती किया, लेकिन महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सीएमएस डॉ. रविंद्र थपलियाल ने बताया कि महिला की हालत बेहद चिंताजनक बनी है। उसका ब्लड प्रेशर बेहद कम है। इसलिए फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जब सरकार की ओर से तमाम योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं तो उनका लाभ उठाना चाहिए।