बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिरा, मौत
संवाद सूत्र, लक्सर: लक्सर खेड़ी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक फैक्ट्री कर्मचारी की मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली के खेड़ी कलां गांव निवासी मुकेश (36) स्थानीय बिरला टायर फैक्ट्री में काम करता था। गुरुवार को वह रोजाना की तरह घर से बाइक पर फैक्ट्री जाने के लिए निकला। अभी वह फैक्ट्री के समीप पहुंचा ही था कि अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह घायल हो गया। आसपास के लोग वहां पहुंचे। जानकारी मिलने पर मुकेश के परिजन भी वहां पहुंच गए। आनन फानन उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर बताया गया है कि बाइक चलाते समय युवक को हार्ट अटैक आया तथा बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी के चलते उसकी मौत हुई। कोतवाल विजय चंद्र सिंह गुंसाई ने मामले की जानकारी होने से इन्कार किया है।