जौरासी में वृद्ध को गोली मारी, गंभीर
संवाद सहयोगी, रुड़की: सोमवार रात जौरासी गांव में नमाज अता कर घर जा रहे वृद्ध को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। गंभीर हालत में वृद्ध को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी ने सुबह भी पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की थी। पुलिस उसी विवाद से मामले को जोड़कर देख रही है। क्योंकि, वृद्ध विवाद में बीच बचाव कराने वालों में शामिल था।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्रांतर्गत जौरासी गांव में लियाकत व उसके चचेरे भाई का साझे में पिलखन का पेड़ है। सोमवार सुबह चचेरा भाई पेड़ काट रहा था कि मौके पर पहुंच कर लियाकत पक्ष ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर पेड़ काट रहे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बातों-बातों में मामला बढ़ गया और आरोपी पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी। पेड़ काट रहे पक्ष ने जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया, जिससे अफरा तफरी मच गई। मारपीट में फायरिंग की सूचना किसी ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की सूचना आलाधिकारियों को दी। इस पर सीओ सिटी ललित मोहन उप्रेती भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में लियाकत ने आरोपी चचेरे भाई रियासत के खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने रियासत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन, पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने की बात करती रही, लेकिन आरोपी गांव में ही घूमता रहा। नतीजतन, फायरिंग के आरोपी ने ही सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे मस्जिद से नमाज अता कर घर जा रहे 60 वर्षीय तुफैल को गोली मारी दी और फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुफैल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश का कोई मामला सामने नहीं आया है। सुबह हुई घटना में तुफैल बीच बचाव कराने पहुंचा था। हो सकता है उसी मामले में गोली मारी हो। पुलिस आरोपी के खिलाफ इस मामले में भी मुकदमा दर्ज करेगी। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। बताया कि आरोपी गोकशी के मामले में जेल जा चुका है। सप्ताह भर पूर्व ही आरोपी गोकशी के मामले में जेल से रिहा हुआ है।