उपनल के किसी भी कर्मचारी को हटाने पर रोक
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उपनल के किसी भी कर्मचारी को हटाने पर रोक के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उपनल के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे कदम बढ़ा रही है। अधिकारियों से भी इस विषय पर वार्ता की जा रही है ताकि इसका स्थायी हल ढूंढा जा सके।
प्रदेश में इस समय उपनल कर्मचारी हटाए हुए कर्मचारियों को बहाल करने, नियमितीकरण और अन्य किसी कर्मी को न हटाने की मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे उपनल कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के बाद कुछ आंदोलित कर्मचारी पानी की टंकी पर भी चढ़ गए थे। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ही वे नीचे उतरे। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर विभागीय अधिकारियों से वार्ता भी की। शनिवार को मुख्यमंत्री ने उपनल कर्मियों को एक संदेश जारी कर कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में जुटी है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में न्यायिक पहलुओं को भी देखा जा रहा है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के निर्णय पर कोई असर न पड़े। उन्होंने कहा कि हम सभी को ऐसा हल ढूंढना होगा कि भविष्य में कोई भी सरकार आए, युवाओं को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए हल ढूंढा जा रहा है जिससे कोई भी अवांछित बाधा नियुक्तियों की राह में रोड़ा न बने।
समीक्षा के निर्णयों पर नजर रखने के निर्देश
देहरादून: मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव समेत सभी प्रमुख सचिवों को गत शुक्रवार तक हुई सभी विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षाओं में लिए गए निर्णयों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि इनका समय से अनुपालन सुनिश्चित हो सके।