रिन्यूवल की मांग को लेकर धरने पर बैठे रमसा कर्मचारी
जागरण संवाददाता, देहरादून: अनुबंध का रिन्यूवल न होने से नाराज रमसा कर्मचारी गुरुवार से शिक्षा निदेशालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री पर अपनी बात से पलटने का आरोप लगाया है। आक्रोशित कर्मियों ने कहा कि माग पूरी न होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार को कर्मचारी मुंह पर काली पट्टी बाधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) के तहत प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में अलग-अलग पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति की गई। आउटसोर्सिग केमाध्यम से 31 मार्च 2014 तक इन कर्मचारियों को नियुक्त किया गया था। 31 मार्च 2014 को इनका अनुबंध खत्म हो गया। अनुबंध को रिन्यू न करने पर कर्मचारियों ने आक्रोश जताया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से कांट्रेक्ट बढ़ाने की मांग की, मगर उन्होंने आचार संहिता का हवाला देते हुए चुनाव बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन, आचार संहिता खत्म होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
इससे रमसा कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री ने अनुबंध के रिन्यूवल का मौखिक आश्वासन देकर बरगलाया है। इस दौरान संगठन प्रदेश अध्यक्ष सुभाष लखेड़ा, उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद सती, प्रदेश महामंत्री आनंद बडोनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र बडोनी, विपिन, देवेंद्र द्विवेदी, मनीष, प्रीति उनियाल, सरिता रतूड़ी, राजेंद्र रावत, जगत सिंह राणा आदि मौजूद रहे।