यूटिलिटी खाई में गिरी, एक की मौत
संवाद सूत्र, मसूरी: निकटवर्ती जौनपुर विकासखंड मे थत्यूड़-अगलाड़ मोटर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक यूटिलिटी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर दून अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थत्यूड़-अगलाड़ मोटर मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात एक यूटिलिटी संख्या (यूए07एस-4007) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें छनाण गांव निवासी जयबीर सिंह (48 वर्ष) पुत्र मोर सिंह की मौत हो गई। जबकि छनाण गांव निवासी महाबीर सिंह (45 वर्ष) पुत्र गजे सिंह, रवींद्र सिंह (39 वर्ष) पुत्र हुकुम सिंह व सूरत सिंह (60 वर्ष) पुत्र पूरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। क्षेत्रीय पटवारी एनसी असवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि घायलों को थत्यूड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दून अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।