Move to Jagran APP

मौसम के तेवर सख्‍त: चार धाम यात्रा मार्गों पर फंसे ढाई हजार यात्री

लगातार बारिश के कारण चार धाम यात्रा मार्गों पर करीब ढाई हजार यात्री फंसे हुए हैं। इनमें गंगोत्री से जल लेकर लौट रहे 800 कांवड़िये भी शामिल हैं।

By gaurav kalaEdited By: Published: Fri, 29 Jul 2016 07:47 PM (IST)Updated: Sat, 30 Jul 2016 09:03 AM (IST)
मौसम के तेवर सख्‍त: चार धाम यात्रा मार्गों पर फंसे ढाई हजार यात्री

देहरादून, [जेएनएन]: मौसम के तेवरों के बीच पहाड़ों में मुसीबत का दौर जारी है। शुक्रवार को केदारनाथ पैदल पड़ाव पर पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर दो श्रद्धालु घायल हो गए। लगातार बारिश के कारण चार धाम यात्रा मार्गों पर करीब ढाई हजार यात्री फंसे हुए हैं। इनमें गंगोत्री से जल लेकर लौट रहे 800 कांवड़िये भी शामिल हैं।
गंगोत्री के निकट हल्कूगाड में कांवड़ियों का एक वाहन भूस्खलन की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इसमें सवार बीस कांवड़िये पहले ही उतर गए थे। कुमाऊं में भी बारिश से पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों में एक दर्जन से ज्यादा मोटर मार्ग बंद हो गए।

loksabha election banner

पढ़ें:-घनसाली में भूस्खलन, दो मोटर मार्ग बंद; वाहन क्षतिग्रस्त
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार मौसम के रुख में बदलाव की संभावना नहीं है। गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की आशंका भी है।
देर रात शुरू हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर पहाड़ों पर हुआ। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबली और जंगलचट्टी के बीच पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से कपिल कुमार पुत्र लक्ष्मी चंद्र और अजय पुत्र रामवतार निवासी 236 कृष्णापुरी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) घायल हो गए।

पढ़ें:-टिहरी में 25 सड़कें बंद, पार्किंग के मलबे में दबी तीन कार
प्रशासन ने घायलों को लेने के लिए फाटा से दो बार हेलीकॉप्टर भेजा, लेकिन तेज बारिश के कारण हेलीकॉप्टर वापस लौट गया। फिलहाल चिकित्सक भीमबली चिकित्सा शिविर में ही उपचार कर रहे हैं। हालात को भांपते हुए प्रशासन ने यात्रियों को पैदल मार्ग पर पडऩे वाले पड़ावों पर ही रोक दिया। अब 1300 से ज्यादा श्रद्धालु मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
बदरीनाथ मार्ग बंद
अगली सुबह बदरीनाथ के पास लामबगड़ में भी मलबा आने से सड़क बंद है। इससे करीब ढाई सौ यात्री बदरीनाथ और लामबगड़ के बीच फंसे हुए हैं। जबकि पांच सौ से ज्यादा श्रद्धालु जोशीमठ में मार्ग खुलने की प्रतीक्षा में हैं।
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे का यही हाल है। यमुनोत्री हाईवे पर बड़कोट के पास यात्री सड़क के ध्वस्त हिस्से को पैदल पारकर वाहनों में सवार हो रहे हैं।
जबकि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी 24 घंटे से दो स्थानों पर बंद है। सीमा सड़क संगठन कमांडर एससी लूनिया ने बताया कि अभी गंगोत्री मार्ग खुलने की संभावना नहीं है। लगातार हो रहे भूस्खलन से मलबा हटाने में मुश्किल आ रही है।
गंगोत्री जा रहे पाकिस्तानी हिंदुओं का दल रोका
पाकिस्तान से चार धाम यात्रा पर आए हिंदुओं के दल को भी प्रशासन ने गंगोत्री से 92 किमी दूर नेताला में रोक दिया है। दल में 138 सदस्य शामिल हैं। उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक ददन पाल ने बताया कि दल रात्रि विश्राम यहीं करेगा। आगे सड़क ठीक होने पर दल को रवाना कर दिया जाएगा।

PICS: उत्तरकाशी में बादल फटा, यमुनोत्री हाईवे 240 मीटर बहा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.