फोर्स जुटाने के बाद नारों से डरा निगम
जागरण संवाददाता, देहरादून: बवाल की आशंका व 25 अगस्त को होने वाली मेयर कान्फ्रेंस के मद्देनजर ब्रह्मावाला खाला में अतिक्रमण पर आज प्रस्तावित अभियान से नगर निगम ने कदम पीछे खींच लिए हैं। अब यह अभियान मेयर कान्फ्रेंस के बाद चलाया जाएगा। उधर, शुक्रवार को ब्रह्मावाला खाला के लोगों ने नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन और एमएनए का घेराव किया।
ब्रह्मावाला खाला में नगर निगम ने शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान प्रस्तावित किया हुआ था। इसके लिए भारी भरकम फोर्स का भी बंदोबस्त कर लिया गया था, लेकिन निगम ने अभियान टाल दिया। दरअसल अभियान के बारे में पता चलने के बाद से ही ब्रह्मावाला खाला में रह रहे लोग नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। बीते रोज भी उन्होंने बस्ती में जमकर हंगामा किया था। इस दौरान मौके पर पहुंचे विधायक गणेश जोशी ने भी निगम को न्यायोचित कार्रवाई के लिए कहा था। इस पर वहां मौजूद एमएनए हरक सिंह रावत ने लोगों को विकल्प दिया कि वह एक तरफ के मकानों को ध्वस्त कर दूसरी तरफ लोगों के रहने का प्रबंध करेंगे। इस पर उस वक्त काफी लोग राजी भी थे, लेकिन शुक्रवार को ब्रह्मावाला खाला से सैकड़ों लोग नगर निगम पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस दौरान लोगों ने एमएनए का घेराव भी किया। हालांकि, इसके बाद निगम कर्मचारियों ने मौके पर जाकर सर्वे भी किया, लेकिन शाम होने तक अधिकारियों ने अभियान टालने का मन बना लिया। एमएनए हरक सिंह रावत ने बताया कि मेयर कान्फ्रेंस व बवाल की आशंका को देखते हुए 25 अगस्त तक के लिए अभियान टाल दिया गया है।
अब टूटेगी पूरी बस्ती
एमएनए हरक सिंह रावत के मुताबिक मेयर कान्फ्रेंस समाप्त होने के बाद निगम पूरी तैयारी के साथ यहां कार्रवाई करेगा। इसके लिए एसएसपी से अतिरिक्त फोर्स मांगने के अलावा यह भी तय हुआ है कि अब समूची बस्ती को ध्वस्त किया जाएगा।
लोकयुक्त के आदेश पर कार्रवाई
ब्रहत्मावाला खाले में कार्रवाई यूं ही नहीं हो रही। दरअसल लोकायुक्त के आदेश व इस संबंध में हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। इसी के बाद नगर निगम इतने सालों बाद इस खाले में कार्रवाई का मन बना पाया है।