शिक्षक की भूमिका में नजर आए विधायक, छात्राओं से पूछे प्रश्न
क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल आज शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरी राजकीय इंटर कालेज का निरीक्षण किया और छात्राओं से प्रश्न भी पूछे।
ऋषिकेश, [जेएनएन]: विधानसभा क्षेत्र ऋषिकेश के अंतर्गत हरिपुरकलां स्थित स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरी राजकीय इंटर कालेज में आज क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष अध्यापक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 6 व 11 के छात्रों से सामान्य ज्ञान से संबंधित कुछ प्रश्न भी पूछे।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुरकलां राजकीय इंंटर कालेज में आज प्रातः उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं से विद्यालय के पठन-पाठन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक अग्रवाल ने कक्षा 6 व 11 के छात्रों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शेखर बहुगुणा से विद्यालय के संबंध में अन्य जानकारियां भी प्राप्त की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बहुगुणा ने विधायक अग्रवाल से कहा कि विद्यालय में कुल 552 छात्र-छात्रायें अध्ययनरत हैं, जबकि विद्यालय में 21 अध्यापक एवं कर्मचारीगण अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
श्री बहुगुणा ने विधायक को बताया कि विद्यालय के समस्त स्टाफ को 7 माह से वेतन नहीं मिल रहा है। इस पर विधायक ने शिक्षा सचिव चन्द्रशेखर भट्ट से दूरभाष पर वार्ता कर समय से वेतन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। इस दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान सतेन्द्र सिंह धमान्दा, वेद प्रकाश ग्वाडी, विजय सिंह रावत, राजपाल धमान्दा, राजेश भट्ट, सत्य प्रकाश आदि लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: डॉक्टर की भूमिका में आए डीएम, मरीजों का किया चेकअप