केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध, गंगोत्री, यमुनोत्री बदरीनाथ यात्रा सुचारु
समूचे उत्तराखंड में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। कहीं आसमान में बादल छाए हैं, तो कहीं रिमझिम बारिश हो रही है। भूस्खलन से मलबा आने पर केदारनाथ पैदल मार्ग दो स्थानों पर बंद हो गया। इससे केदारनाथ तीर्थयात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग में रोका गया है।
देहरादून। समूचे उत्तराखंड में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। कहीं आसमान में बादल छाए हैं, तो कहीं रिमझिम बारिश हो रही है। भूस्खलन से मलबा आने पर केदारनाथ पैदल मार्ग दो स्थानों पर बंद हो गया। इससे केदारनाथ तीर्थयात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग में रोका गया है। वहीं गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ व हेमकुंड यात्रा सुचारु है।
रुद्रप्रयाग जनपद में आसमान में बादल छाए हुए हैं। गौरीकुंड हाईवे फाटा के पास मलबा आने से बंद हो गया है। वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग भी मुनकटिया व गौरीकुंड से एक किमी आगे छानी के पास अवरुद्ध हो गया है। इससे केदारनाथ यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से सोनप्रयाग में रोका हुआ है। वहीं दोपहर बाद गौरीकुंड से 80 यात्री केदारनाथ के लिए पैदल रवाना हो गए।
चमोली में रात भर हल्की बारिश के बाद सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। बदररीनाथ हाईवे सुचारु होने से बदरीनाथ व हेंमकुंड यात्रा जारी है। गोविंदघाट से हेंमकुंड के लिए सुबह 100 से अधिक यात्री रवाना हुए।
टिहरी जनपद में सुबह से कोहरा छाया हुआ है। वहीं पौड़ी में आसमान में बादल छाए हैं। उत्तरकाशी में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु है। देहरादून में सुबह से आसमान में बादल हैं, वहीं रुड़की व आसपास के क्षेत्र में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है।
कुमाऊउं मे रुद्रपुर व चंपावत में धूप खिली हुई है। वहीं बागेश्वर में सुबह से बारिश हो रही है। अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में आसमान में बादल छाए हैं।
पढ़ें-बारिश से खतरनाक हो रहे चारधाम यात्रा मार्ग