आइटीबीपी ने मनाया 53वां स्थापना दिवस
संवाद सूत्र, मसूरी: आइटीबीपी अकादमी में शुक्रवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का 53वां स्थापना दिवस धू
संवाद सूत्र, मसूरी: आइटीबीपी अकादमी में शुक्रवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का 53वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान अकादमी उपनिदेशक डीआइजी दविंदर सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
अकादमी के परेड मैदान में आयोजित हुए समारोह में उपनिदेशक डीआइजी दविंदर सिंह ने बल के अधिकारियों, जवानों तथा उनके परिजनों को संबोधित करते हुए बल के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों और अधिकारियों को आइटीबीपी के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराया। साथ ही विश्व सुरक्षा के बदलते परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए नई जिम्मेदारियों व चुनौतियों को संभालने के लिए हरदम तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों व जवानों को बल को और प्रतिष्ठित, उन्नत व आधुनिक बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर जवानों तथा उनके परिजनों के लिए आकर्षक व मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसमें जवानों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की। इसके बाद परेड मैदान में ही आकर्षक मीना बाजार सजाया गया, जिसमें जवानों के परिजनों ने खूब खरीदारी की और आकर्षक पकवानों का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर सेनानी प्रशिक्षण शैंदिल कुमार भी उपस्थित थे।