रोशनी में नहाई द्रोण नगरी
जागरण संवाददाता, देहरादून: धनतेरस के बाद अब दीपावली का रंग राजधानी में परवान चढ़ गया है। पूरा शहर रं
जागरण संवाददाता, देहरादून: धनतेरस के बाद अब दीपावली का रंग राजधानी में परवान चढ़ गया है। पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ है। बाजारों में बुधवार को छोटी दीपावली के मौके पर जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने मिठाई से लेकर घरों को सजाने की सामग्री की जमकर खरीदारी की।
दीपावली के पावन पर्व पर मां लक्ष्मी की अगवानी के लिए पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा है। ऊंची इमारतों से लेकर छोटे प्रतिष्ठान भी छोटे-छोटे रंग-बिरंगे बल्बों की रोशनी से जगमग हैं। मंगलवार को धनतेरस पर ज्वेलरी, बर्तन आदि की खरीदारी करने के बाद बुधवार को लोगों ने छोटी दीपावली का भी जमकर लुत्फ उठाया। दिन निकलते ही खरीदारी के लिए घरों से निकले हजारों लोगों ने राजधानी के सभी बाजारों को पैक कर दिया। सुबह से दुकानों पर जुटी भीड़ शाम होते-होते चार से पांच गुना तक बढ़ गई। इस दौरान लोगों ने मिठाई के साथ ड्राईफूड गिफ्ट पैक व घरों को सजाने की सामग्री की जमकर खरीदारी की। साथ ही बुधवार को दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए एक-दूसरे को बधाई तोहफे देने का दौर भी खूब चला। लोगों ने अपने नाते-रिश्तेदारों को तोहफे भेंट कर इस पावन पर्व पर सुख-समृद्धि की बधाई दी। मिष्ठान व्यवसायी राजेश गोयल ने बताया कि इस पर्व पर मिठाई सबसे खास होती है, अपनी खासियत के अनुसार ही मिठाई लोगों को अपनी ओर आकर्षित भी कर रही है। इस बार का व्यापार अन्य वर्षो से बेहतर जाने की उम्मीद है। वहीं, ड्राईफूड गिफ्ट पैक व्यवसायी शगुन कुमार ने बताया कि त्योहारों में अब ड्राईफूड ने अपनी खास जगह बना ली है। रंग-बिरंगे गिफ्ट पैक में सजी यह सामग्री शहरवासियों को खूब आकर्षित कर रही है।