वन कर्मी को डंपर से कुचलने का मामला, डीएफओ व रेंजर मुख्यालय अटैच
वनकर्मी को डंपर से कुचलने के मामले में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नैनीताल के डीएफओ व रेंजर को मुख्यालय से अटैच कर दिया है।
By Sunil NegiEdited By: Published: Sun, 26 Mar 2017 09:32 AM (IST)Updated: Mon, 27 Mar 2017 04:00 AM (IST)
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: रामनगर में खनन माफिया की ओर से वनकर्मी को डंपर से कुचलने और वन कर्मियों की पिटाई की घटना को सरकार ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस मसले में नैनीताल के डीएफओ व रेंजर को मुख्यालय से अटैच कर दिया है। वहीं, मृतक वन कर्मी की पत्नी को शैक्षिक योग्यता के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया है।
ज्वाला वन क्षेत्र में खनन को रोकने पर बीते रोज खनन माफियाओं ने बीट वॉचर पहलवान सिंह की डंपर से रौंद कर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं खनन माफियाओं ने घटना के दौरान मौजूद रहे वन कर्मियों को भी बंधक बना लिया था वहीं गदरपुर में भी वन वन तस्करों ने वन कर्मियों की पिटाई कर दी थी।
इस मामले को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय डीएफओ और रेंजर को मुख्यालय से अटैच करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बात कर उन्हें सांत्वना भी दी और जिलाधिकारी नैनीताल को मृतक के परिजनों को एक लाख की सरकारी सहायता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल से फोन पर बात करते हुए बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताई और 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकडऩे के निर्देश दिए। इसका असर भी देखने को मिला।
शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा मृतक वन कर्मी की पत्नी को उसकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर नौकरी दी जाएगी।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें