गांव-गली से स्कूलों तक, स्वच्छता की अलख
जागरण संवाददाता, देहरादून: स्वच्छता का संकल्प और बदलाव की बयार। स्वच्छ भारत अभियान से हर वर्ग हर तबक
जागरण संवाददाता, देहरादून: स्वच्छता का संकल्प और बदलाव की बयार। स्वच्छ भारत अभियान से हर वर्ग हर तबका जुड़ रहा है। गांव-गली से लेकर स्कूलों तक में स्वच्छता की अलख जग रही है। सरकारी कर्मचारी, सैन्य अधिकारी, सभासद, छात्र, ग्रामीण व अन्य तमाम लोग इस मुहिम का हिस्सा बना रहे हैं।
क्लेमनटाउन कैंट क्षेत्र में अध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार आहुजा ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की। ग्रामीण क्षेत्र चानचक में झाड़ू लगाकर स्थानीय लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। निर्वतमान कैंट उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी व मुख्य अधिशासी अधिकारी बी अजीत कुमार रेड्डी ने उनका सहयोग किया। ब्रिगेडियर आहूजा ने बताया कि गांधी जयंती से कैंट के सिविल क्षेत्र में वृहद स्तर पर जागरुकता व सफाई अभियान चलाया जाएगा। बी अजीत कुमार रेड्डी ने कहा कि दुकानदार पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें, पुरानी खाद्य सामग्री नष्ट करें। निवर्तमान सभासद उमादत्त सेमवाल, भाजपा नेता हाजी शमशाद अली, रिजवान अली, बीना नौटियाल आदि मौजूद रहे।
लोगों को किया जागरूक
रेस्टकैंप त्यागी रोड पर पार्षद राजकुमार कक्कड़ के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया व लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान संदीप मुखर्जी, अनंत सागर, रामप्रसाद, अधीर मुखर्जी, विपिन खंडूड़ी आदि मौजूद रहे।
हर वार्ड में चलेगा अभियान
भाजपा कार्यकर्ता अपने स्तर से विभिन्न वार्ड व मंडलों में सफाई कार्यक्रम चलाएंगे। इसके लिए वार्ड स्तर पर स्वच्छता समितियां गठित की जाएंगी। यह निर्णय महानगर इकाई की बैठक में लिया गया। गांधी जयंती पर कार्यकर्ता महानगर कार्यालय से घंटाघर तक सफाई अभियान भी चलाएंगे। बैठक में कंचन ठाकुर, नीरू देवी, बबीता सहोत्रा, राजेंद्र नवानी, आदित्य चौहान आदि मौजूद रहे।
साफ-सफाई में देंगे साथ
गांधी जयंती पर मानव उत्थान सेवा समिति उत्तराखंड समेत विभिन्न प्रांतों में स्वच्छता अभियान चलाएगी। प्रेस सचिव सीएल टंडन के अनुसार समिति के कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में वहां के विधायक, पार्षद व गणमान्य लोगों के साथ मिलकर इस मुहिम में सहयोग देंगे।
मलिन बस्ती में स्वच्छता की अलख
प्रदेश वाल्मीकि समाज कल्याण समिति की आर्यनगर शाखा ने गांधी जयंती पर मलिन बस्ती आर्यनगर में स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कार्यवाहक प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम दो अक्तूबर को साप्ताहिक कार्यक्रम के रूप में शुरू होगा।
छात्रों को देंगे स्वच्छता का मंत्र
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ (धर्मपुर ग्रामीण मंडल) की मंडल संयोजक अजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया। दो अक्तूबर को वृहद स्तर पर अभियान चलाने का निर्णय लिया।