Move to Jagran APP

बहुगुणा ने फिर साधा सरकार पर निशाना

राज्य ब्यूरो, देहरादून पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने बुधवार को कांग्रेस की सियासत को एक बार फि

By Edited By: Published: Thu, 27 Nov 2014 01:23 AM (IST)Updated: Thu, 27 Nov 2014 01:23 AM (IST)
बहुगुणा ने फिर साधा सरकार पर निशाना

राज्य ब्यूरो, देहरादून

loksabha election banner

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने बुधवार को कांग्रेस की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया। बुधवार को विधानसभा सत्र में शिरकत करने के बाद उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का दीमक राज्य को चट कर रहा है। इस पर सख्ती से अंकुश लगाने की जरूरत है। साथ ही यह भी कहा कि सितारगंज के लिए बतौर मुख्यमंत्री उनकी घोषणाओं पर अमल होना चाहिए। इसमें देरी होने के बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत से वार्ता की। यही नहीं, मंत्रिमंडल में फेरबदल और पीडीएफ कोटे में कमी नहीं होने से भी बहुगुणा खफा नजर आए।

मंगलवार शाम दून पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने बुधवार को भोजनावकाश के बाद विधानसभा सत्र में शिरकत की। अपने समर्थक विधायकों के साथ सदन में पहुंचे सितारगंज के विधायक बहुगुणा खिंचे-खिंचे दिखाई दिए। विपक्ष के हंगामे के चलते तकरीबन पौन घंटा बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने विधानसभा में ही कृषि मंत्री हरक सिंह रावत के कक्ष में अपने समर्थक विधायकों के साथ तकरीबन आधा घंटा गुफ्तगू की। कृषि मंत्री हरक सिंह, गृह मंत्री प्रीतम सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में विधायक सुबोध उनियाल, मदन सिंह बिष्ट, विजयपाल सजवाण, विक्रम सिंह नेगी, उमेश शर्मा काउ, राजकुमार भी मौजूद रहे। विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। इस पर सख्ती से लगाम नहीं लग सका है।

सितारगंज विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में कई घोषणाएं कीं, लेकिन उन पर अमल नहीं हो सका है। प्रदेश में सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन हुआ है, सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ। ऐसे में बतौर मुख्यमंत्री उनकी घोषणाओं पर अमल में देरी के मुद्दे पर उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत से वार्ता की है। मंत्रिमंडल में फेरबदल न होने से भी बहुगुणा खफा दिखे। मंत्रिमंडल में पीडीएफ का कोटा कम करने की पैरवी कर चुके बहुगुणा आज भी अपने रुख पर कायम रहे। उन्होंने कहा कि इस बारे में केंद्रीय नेतृत्व को फैसला लेना है। पीडीएफ का कोटा कम करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो राजनीति में हैं, उनका इशारा बखूबी समझते हैं।

हल्द्वानी में पिथौरागढ़ से आई सात वर्षीय बालिका की हत्या मामले में पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने कहा कि विपक्ष को सदन में चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए था। गुनाहगारों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। चकराता में भी पर्यटकों की हत्या हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की राजनीति में अभी प्रदूषण नहीं है।

इनसेट-

सदन में पूर्व सीएम बहुगुणा के साथ बैठे सीएम हरीश रावत

देहरादून: बुधवार को भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरु होते ही पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा सदन में पहुंचे। बहुगुणा के आने से तकरीबन 15 मिनट बाद सदन में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को देखकर नेता सदन का आसन छोड़कर उनके पास पहुंचे। यही नहीं वह तकरीबन पांच मिनट तक पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा के पास बैठकर उनके साथ चर्चा करते रहे। बाद में वह अपने स्थान पर बैठे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.