वीडीओ हत्याकांड में सीबीसीआइडी ने एक आरोपी धरा
जागरण संवाददाता, देहरादून: शक्ति विहार में घर में घुसकर वीडीओ की हत्या के आठ माह बाद सीबीसीआइडी की टीम ने एक आरोपी को दबोच लिया है। हत्याकांड में यह पहली गिरफ्तारी है। बताया गया कि आरोपी बिहारीगढ़ (जनपद-सहारनपुर) स्थित एक सरकारी स्कूल में बाबू है। पुलिस इस हत्याकांड में एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं सकी थी, जिसके बाद सरकार ने इसकी जांच सीबीसीआइडी के सुपुर्द कर दी थी।
पटेलनगर के शक्ति विहार में 16 दिसंबर, 2013 की सुबह सहसपुर क्षेत्र के वीडीओ दिवेश कांबोज की घर में घुसकर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाशों की संख्या तीन बताई गई थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे मृतक दिवेश की बहन रितु की बेहट सहारनपुर में करोड़ों की संपत्ति है। रितु के पति की बीते साल मृत्यु हो गई थी। उसके बाद संपत्ति रितु के नाम हो गई, जो रितु के ससुरालियों को नागवार गुजरी। दिवेश रितु की मदद कर रहे थे। ससुरालियों ने दिवेश से भी रंजिश रखनी शुरू कर दी थी। मृतक दिवेश के पिता धर्मपाल कांबोज ने तीन आरोपियों अनिल, दिनेश और मनोज के विरुद्ध पटेलनगर थाने में बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इनमें अनिल, रितु का देवर जबकि, दिनेश रितु के पति का फुफा है। मनोज सहारनपुर पुलिस में तैनात है और वर्तमान में निलंबित चल रहा है। वह रितु के पति का रिश्तेदार है।
पुलिस ने हत्याकांड में तमाम जगह हाथ-पांव भी मारे, लेकिन हत्यारोपी नहीं पकड़े गए। आरोपियों के घर की कुर्की भी कर दी गई, मगर वे तब भी नहीं मिले। पुलिस की नाकामी के बाद सरकार ने विवेचना सीबीसीआइडी को सौंप दी। बुधवार को सीबीसीआइडी टीम ने एक आरोपी अनिल कांबोज पुत्र गमोल सिंह कांबोज निवासी ग्राम-हरीपुर, बेहट सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी बिहारीगढ़ सहारनपुर के एक सरकारी स्कूल में बाबू है। पुलिस इस मामले में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।