Move to Jagran APP

शाह ने पुदीने की चटनी और खीर का लिया स्वाद

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश भाजपा मुख्यालय से महज सौ मीटर के फासले पर बस्ती में रहने वाले मुन्न

By JagranEdited By: Published: Thu, 21 Sep 2017 01:00 AM (IST)Updated: Thu, 21 Sep 2017 01:00 AM (IST)
शाह ने पुदीने की चटनी और खीर का लिया स्वाद
शाह ने पुदीने की चटनी और खीर का लिया स्वाद

राज्य ब्यूरो, देहरादून:

loksabha election banner

प्रदेश भाजपा मुख्यालय से महज सौ मीटर के फासले पर बस्ती में रहने वाले मुन्ने सिंह चौहान व उसके परिवार के लिए बुधवार का दिन बेहद खास और यादगार बन गया। यह स्वाभाविक भी था। केंद्र व प्रदेश में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उनके घर पर दोपहर का भोजन जो किया। उन्हें भोजन में रोटी, दाल सब्जी, सलाद, पुदीने की चटनी व खीर परोसी गई। पुदीने की चटनी और खीर की शाह ने खूब तारीफ की। शाह की मेजबानी से गदगद मुन्ने सिंह का कहना था कि आज वह और उनका परिवार धन्य हो गया। अंत्योदय श्रेणी में आने वाले मुन्ने कपड़े इस्त्री कर खुद और परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करीब पौने दो बजे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे, विधायक खजानदास समेत अन्य नेताओं के साथ मुन्ने सिंह के घर पहुंचे। मुन्ने सिंह समेत बस्ती के अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। शाह सहित भाजपा नेताओं ने दो कमरों वाले घर के बरामदे में बैठकर भोजन किया। चूंकि गर्मी अधिक थी, इसलिए बरामदे में उनके लिए पुराना टेबल फैन लगाया गया। शाह करीब आधे घंटे तक घर में रहे और फिर आभार जताने के बाद लौट गए।

शाह के दो दिन के दून प्रवास के दौरान दोपहर में अंत्योदय परिवार के घर दोपहर का भोजन भी एक कार्यक्रम का हिस्सा था। सुरक्षा समेत अन्य कारणों को देखते हुए भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व ने इस कार्यकर्ता का नाम अंतिम क्षणों तक गुप्त रखा। मंगलवार देर शाम भाजपा के पुराने कार्यकर्ता मुन्ने सिंह को पार्टी की ओर से सूचना दी गई कि अमित शाह उनके यहां भोजन करेंगे। इसके बाद मुन्ने सिंह का परिवार तैयारियों में जुट गया। खुशी व उत्साह में आंखों में ही सारी रात कट गई और पूरा परिवार सुबह से ही भोजन बनाने की तैयारी में जुट गया। यह बात दीगर है कि भोजन में अमित शाह को क्या परोसना है, यह पहले ही पार्टी ने मुन्ने सिंह को बता दिया था। बुधवार सुबह से घर में पार्टीजनों की चहल-पहल बढ़ने के साथ ही पुलिस और खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारी व कर्मचारियों ने घर का जायजा लिया।

शाह की मेजबानी से गदगद मुन्ने सिंह और उनकी पत्नी सरोज देवी ने कहा कि इतने बड़ी शख्सियत ने हमारे यहां भोजन किया। इससे बड़ी बात हमारे लिए क्या हो सकती है। सरोज के मुताबिक भोजन तैयार करने में बेटी शीतल व पूनम ने भी सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि परिचय लेने के बाद शाह ने भोजन किया और पुदीने की चटनी और खीर की खूब तारीफ की। साथ ही बच्चों को आशीर्वाद भी दिया। मुन्ने की दूसरी बेटी पूजा और पुत्र कपिल व कार्तिक भी काफी खुश नजर आए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.