पृथ्वी को मिलकर बचाने की जरूरत
देहरादून: पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में कारबारी स्थिति साई लोक कालोनी में आयोजित गोष्ठी में पृथ्वी पर
देहरादून: पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में कारबारी स्थिति साई लोक कालोनी में आयोजित गोष्ठी में पृथ्वी पर प्रदूषण से होने वाले प्रभावों पर चर्चा की गई। भारत ज्ञान विज्ञान समिति और पर्यावरण लोक मंच की ओर से आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि आज हर स्तर से पृथ्वी पर संकट मंडरा रहा है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
गोष्ठी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव प्रसाद देवली ने कहा कि सरकारें खुद साफ सुथरे क्षेत्रों को दूषित करने का काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित कूड़ा निस्तरण प्लांट से होने वाले प्रदूषण को लेकर भी चिंता व्यक्त की। सामाजिक कार्यकर्ता दिगंबर ने प्रदूषण रोकने के लिए बडे़ स्तर पर आवाज उठाने की जरूरत बताई। कहा कि आज कार्बन उत्सर्जन में विकासशील देश नहीं बल्कि विकसित देश सबसे आगे हैं। लेकिन सजा विकासशील देश भुगत रहे हैं। प्रोफेसर लाल बहादुर वर्मा ने कहा कि जब तक हम पृथ्वी की सुरक्षा को खुद की सुरक्षा नहीं समझ लेते इसे बचाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाचार्य सोहन सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेश्वरी देवली, डॉ. जितेंद्र भारती आदि मौजूद थे।