बर्फबारी से गंगोत्री और बदरीनाथ के पास हाइवे बंद
बर्फबारी के कारण गढ़वाल मंडल के करीब पांच दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सर्वाधिक प्रभावित गांव उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र में हैं।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम की चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत उच्च हिमालय की चोटियों पर फिर हिमपात हुआ। उधर केदारनाथ में बादल छाए हुए हैं। वहां भी बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
बर्फबारी के कारण गढ़वाल मंडल के करीब पांच दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सर्वाधिक प्रभावित गांव उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र में हैं। इनकी संख्या 25 के करीब है। हिमपात के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तरकाशी से 75 किमी दूर हर्षिल के पास अवरुद्ध है, जबकि बदरीनाथ हाइवे बदरीनाथ के निकट बंद है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में अब सर्द हवा का वार, लुढ़केगा पारा
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित गांवों पर प्रशासन निगाह रखे हुए है। उत्तरकाशी की गंगा घाटी में पांच और यमुना घाटी के 20 गांव बर्फबारी से प्रभावित हैं।
यह भी पढ़ें: बर्फीली ड़क पर बिताई पूरी रात, वाहनों का डीजल जमा; ऐसे किया स्टार्ट
डीएम के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों खाद्यान्न आपूर्ति के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। चमोली के सीमांत गांवों में हालात कुछ बेहतर हैं। यहां करीब 20 गांव बर्फ से लकदक हैं, लेकिन रास्ते खुले होने के कारण परेशानियां कम हैं।
यह भी पढ़ें: चोटियों पर बर्फ की चादर हो गई और मोटी, बढ़ा ठंड का प्रकोप