भाजपा प्रांतीय परिषद में आएंगे अमित शाह
राज्य ब्यूरो, देहरादून भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड में मिशन-2017 के लिए प्रद
राज्य ब्यूरो, देहरादून
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड में मिशन-2017 के लिए प्रदेश संगठन द्वारा तैयार रोडमैप पर मुहर लगाई। साथ ही, आगामी 31 मार्च को देहरादून में होने वाली प्रदेश कार्यपरिषद में आने की भी मंजूरी दे दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह की मौजूदगी में होने वाली इस कार्य परिषद में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के निर्वाचन की पुष्टि की जाएगी। प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में नए नेता प्रतिपक्ष के मसले पर तो चर्चा नहीं हो पाई, मगर पार्टी सूत्रों के अनुसार राज्य विधानसभा के बजट सत्र के मद्देनजर नौ मार्च से पहले नेता प्रतिपक्ष पर फैसला हो जाएगा।
मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ उत्तराखंड भाजपा के कोर ग्रुप के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक लगभग तीन घंटे तक चील। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रदेश संगठन के अब तक के कार्यक्रमों व चेतना यात्रा का विस्तृत वितरण पेश किया गया। नारी निकेतन में संवासिनियों के शोषण के मुद्दे पर महिला मोर्चा की ओर से किए गए ऐतिहासिक मुख्यमंत्री आवास कूच के साथ ही 31 मई तक पार्टी के सभी भावी कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत करते हुए उन पर चर्चा की गई। साथ ही, 2017 के चुनाव के लिए तैयार रोडमैप पर भी केंद्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन लिया गया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश संगठन द्वारा तैयार रोडमैप व कार्यक्रमों को हरी झंडी दी। साथ ही, 31 मार्च को देहरादून में होने वाली प्रदेश कार्य परिषद में आने की भी स्वीकृति दी। इस कार्य परिषद में नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की पुष्टि के साथ नए कोर ग्रुप की घोषणा भी की जाएगी। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से सभी संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। चूंकि यह बैठक संगठनात्मक विषयों पर आधारित थी, लिहाजा नेता प्रतिपक्ष के विषय पर इसमें कोई चर्चा नहीं हो पाई। उधर, पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा सत्र के मद्देनजर नेता प्रतिपक्ष के मामले में नौ मार्च से पहले फैसला होने की उम्मीद है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, पार्टी सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय टमटा, राज्यसभा सांसद तरुण विजय, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, खजानदास, गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रकाश पंत व धनसिंह रावत मौजूद थे।
---------
भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप द्वारा तैयार भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर केंद्रीय नेतृत्व ने भी मुहर लगाई। इसके मुताबिक 28 व 29 फरवरी को ब्लॉक मुख्यालयों पर किसानों के शोषण के मुद्दे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना दिया जाएगा। साथ ही, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लागू फसल बीमा योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। एक से पांच मार्च तक जिलों की बैठकें, 15 से 20 मार्च तक मंडलों व 25 से 31 मार्च तक शक्तिकेंद्रों की बैठकें होंगी। तीस मार्च को जिलाध्यक्षों व मंडल अध्यक्षों का प्रशिक्षण वर्ग होगा। विधानसभा सत्र के दौरान राज्य की विभिन्न समस्याओं पर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। 31 मार्च को प्रांतीय परिषद की बैठक होगी। पार्टी के स्थापना दिवस पर छह से 13 अप्रैल तक इसे संकल्प सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। 25 से 30 अप्रैल तक अनुसूचित सम्मेलन होंगे। केंद्र सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर 20 से 31 अप्रैल तक महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा।