Move to Jagran APP

टेंडर रुकने से बौखलाए भाजपा पार्षद

जागरण संवाददाता, देहरादून: नगर निगम प्रशासन की ओर से बजट की बंदरबाट के लिए वार्डो में खोले गए सड़क व

By Edited By: Published: Sun, 14 Feb 2016 01:02 AM (IST)Updated: Sun, 14 Feb 2016 01:02 AM (IST)
टेंडर रुकने से बौखलाए भाजपा पार्षद

जागरण संवाददाता, देहरादून: नगर निगम प्रशासन की ओर से बजट की बंदरबाट के लिए वार्डो में खोले गए सड़क व नालियों के निर्माण के टेंडर पर शासन की रोक से भाजपा पार्षद बौखला गए हैं। रायपुर क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक उमेश शर्मा 'काऊ' की शिकायत पर हुई कार्रवाई से नाराज पार्षदों ने विधायक पर मनमानी का आरोप लगाते हुए पार्षदों के अधिकारों से खिलवाड़ का आरोप भी लगाया।

loksabha election banner

बता दें कि शनिवार को दैनिक जागरण में प्रकाशित समाचार से उक्त जानकारी पार्षदों को मिली। इस पर भाजपा पार्षदों ने दोपहर में मेयर कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अपनी भड़ास निकाली। वार्ड-30 की पार्षद कमली भट्ट ने कहा कि सीवर लाइन के चलते पूरे क्षेत्र का बुरा हाल है। एडीबी या पेयजल निगम सड़क का काम कब शुरू करेंगे। लोगों के दबाव में कुछ गलियां नगर निगम से मंजूर कराई गई थी। वार्ड-31 की पार्षद वर्षा बड़ोनी ने कहा कि विधायक साबित कर दें कि उनके वार्ड की एक भी सड़क ऐसी बनी हो, जो नगर निगम के बजाए दूसरी संस्था को बनानी थी। उन्होंने कहा कि विधायक बेवजह ही नगर निगम के कामों में रोड़ा अटका रहे हैं। वर्षा बड़ोनी ने कहा कि पेयजल निगम व एडीबी ने सारथी विहार और दिव्या विहार में सड़कें नहीं बनाईं तो उन्हें नगर निगम में टेंडर लगाने पड़े। यह सड़कें भी अभी नहीं बनी हैं। उन्होंने विधायक पर सवा सौ करोड़ के बजट की बंदरबाट का आरोप भी लगाया। वहीं, वार्ड-33 की पार्षद बीना उनियाल ने कहा कि उनके वार्ड में सीवर व पेयजल लाइनों का 80 फीसद काम हो चुका है। जो बचा हैं, वहां भी काम चल रहा है। उन्होंने नगर निगम से सिर्फ सौ मीटर की एक सड़क मंजूर कराई, क्योंकि वहां जलभराव काफी होता था। इसके अलावा पार्षदों ने विधायक पर श्रेय लेने के लिए जगह-जगह बोर्ड लगाने का आरोप लगाते हुए बोर्ड उखाड़ फेंकने की चेतावनी दी।

सिर्फ भाजपा पार्षद टारगेट क्यों

मेयर विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि विधायक उमेश शर्मा 'काऊ' ने जिन चार वार्डो में हुए काम पर आपत्ति जताई, सभी भाजपा पार्षदों के है। विधायक के क्षेत्र में सात वार्ड आते हैं। उनमें कांग्रेस के पार्षद भी हैं और वहां भी काम हो रहे हैं। अगर विधायक को वित्तीय मामलों की चिंता थी तो कांग्रेसी पार्षदो के वार्डो की तरफ भी ध्यान दे लेते।

मंत्री बोले, लो मैं हाजिर हूं

लक्खीबाग क्षेत्र के भाजपा पार्षद सुशील गुप्ता ने मेयर के बचाव में कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल पर क्षेत्र में कभी न आने का आरोप लगाया था। इस पर शनिवार की सुबह ही मंत्री क्षेत्र में पहुंच गए। बकौल, सुशील गुप्ता मंत्री ने उनके घर के बाहर से कहा कि लो मैं हाजिर हूं। अब बोलो कि क्षेत्र में नहीं आता।

निगम ने एनओसी ही नहीं ली

भले ही भाजपा पार्षद अपने बचाव में नए-नए तर्क दे रहे हों, लेकिन बताया जा रहा कि नगर निगम ने सड़क या नाली के निर्माण से पहले पेयजल निगम या एडीबी से एनओसी नहीं ली थी। जबकि, यदि कोई काम दूसरी संस्था को कराना हो और उसके बदले कोई और संस्था काम करा दे तो एनओसी लेना अनिवार्य है। विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि इससे साफ है कि नगर निगम ने बजट की बंदरबाट के लिए यह सबकुछ किया। उन्होंने कहा कि जिसे जो आरोप लगाने हैं, लगा लें। जांच होगी तो सब सामने आ जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.