महिला पुलिस के लिए भी होगी रैंकर्स परीक्षा
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश की महिला कांस्टेबलों का मिशन आक्रोश अब कुछ-कुछ रंग लाता नजर आ रहा है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश की महिला कांस्टेबलों का मिशन आक्रोश अब कुछ-कुछ रंग लाता नजर आ रहा है। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को हुई बैठक में यह बात सामने आई है कि महिला सब इंस्पेक्टर के विभाग में पहले से चल रहे जिन 42 रिक्त पदों को सीधी भर्ती के दायरे में लिया गया है, उसमें से आठ पद पदोन्नति के थे। ऐसे में मुख्यालय ने इन आठ पदों को रैंकर्स के जरिए भरने का निर्णय लिया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से हाल ही में महिला सब इंस्पेक्टर के 150 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन निकाले गए हैं। विभाग के इस कदम को लेकर लेकर प्रदेश की महिला कांस्टेबलों ने मोर्चा खोला हुआ है। उनका कहना है कि विभाग में तैनात महिला कांस्टेबलों में से नब्बे फीसद स्नातक व परास्नातक हैं, केवल दस फीसद महिलाएं ही इंटर पास हैं। इतना शिक्षित स्टाफ होने के बावजूद महिला आरक्षी पद के लिए पदोन्नति की कोई निश्चित नियमावली नहीं है। ऐसे में सीधी भर्ती के सापेक्ष सब इंस्पेक्टर के रैंकर के साथ ही पदोन्नति के पद भी सृजित किए जाएं। इस संबंध में महिला कांस्टेबलों की ओर से मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा गया है। महिला कांस्टेबलों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आला अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यह बात सामने आई कि शासन ने विभाग के जिन 42 पदों को सीधी भर्ती के लिए शामिल किया था, उसमें आठ पद पदोन्नति के थे। ऐसे में इन पदों को रैंकर्स के जरिए भरने का निर्णय लिया गया।
डीजीपी बीएस सिद्धू ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अब सब इंस्पेक्टर के 142 पदों पर सीधी भर्ती होगी, शेष आठ पद रैंकर्स के जरिए भरे जाएंगे।
अभी भी नहीं सुलझी समस्या
देहरादून: भले ही पुलिस मुख्यालय ने रैंकर्स के लिए आठ पद सृजित कर महिलाओं के आक्रोश को थामने का थोड़ा प्रयास किया है लेकिन अभी समस्या पूरी तरह से सुलझी नहीं है। दरअसल, महिला कांस्टेबल विभाग में पदोन्नति के पद भी सृजित करने का अनुरोध कर रही हैं। इस दिशा में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।