भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी पर सरकार ने उठाए सवाल
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी ने भाजपा की नई कार्यकारिणी को कटघरे पर खड़ा किय
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी ने भाजपा की नई कार्यकारिणी को कटघरे पर खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का राग अलापने वाले नेता प्रतिपक्ष व भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने ऐसे लोगों को अपनी टीम में जगह दी है जो भाजपा मुख्यालय में हुई चोरी में संलिप्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से चोरी की जांच के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट पर इन लोगों पर अंगुलियां उठाई गई हैं।
शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी ने प्रदेश भाजपा की नई टीम को वर्ष 2017 में मजबूत विपक्ष में बने रहने की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकारिणी में उन लोगों को तरजीह दी गई है जो शराब सिंडिकेट से मिले धन की चोरी में शक की सुई के घेरे में थे। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के प्रयासों से जिस प्रकार गुरप्रीत को वापस लाया गया उसी प्रकार प्रदेश के भाजपा नेता विदेशों में फंसे उत्तराखंड वासियों को वापस लाने के लिए केंद्र पर दबाव डाले। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा के एक नेता का सूखे के लिए केंद्र से धन मिलने का दावा भी उनके झूठ बोलने की परंपरा का हिस्सा है। सच्चाई यह है कि अभी मुख्यमंत्री ने इसके लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, इसके आधार पर ही केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा चार वर्षो में कोई भी वैकल्पिक नीति कार्यक्रम देने में असफल रही है। यह भाजपा नेताओं की दिशाहीनता को दर्शाता है।