संवासिनियां कला से संवारेंगी जीवन
जागरण संवाददाता, देहरादून: नारी निकेतन में रहने वाली संवासिनियां अब सिर्फ शिक्षित ही नहीं होंगी, बल्
जागरण संवाददाता, देहरादून: नारी निकेतन में रहने वाली संवासिनियां अब सिर्फ शिक्षित ही नहीं होंगी, बल्कि कला का भी हुनर सीखेंगी। राज्य महिला आयोग ने सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए संवासिनियों का जीवन सुधारने की एक नई पहल की है। जिसकी शुरुआत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर होगी।
गौरतलब है कि शनिवार को सचिव समाज कल्याण भूपिंदर कौर औलख ने संवासिनियों को शिक्षित बनाने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देशित किया था। इसके बाद राज्य महिला आयोग ने भी नारी निकेतन को लेकर सकारात्मक कदम उठाया है। राज्य महिला आयोग अब निर्धारित समय पर नारी निकेतन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसमें संवासिनियों को गीत-संगीत, नृत्य आदि की प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा। इस आयोजन की शुरुआत गणतंत्र दिवस के मौके पर होगी। इस दौरान राज्य महिला आयोग नारी निकेतन में एक कार्यक्रम आयोजित करेगा, जहां संवासिनियों के लिए फल वितरण कार्यक्रम के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही संवासिनियों के लिए महिला आयोग कई खेलकूद प्रतियोगिताओंका भी आयोजन करेगा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने बताया कि संवासिनियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। नारी निकेतन में रह रही कई सामान्य संवासिनियां ऐसी हैं, जिनकी सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि है। ऐसी संवासिनियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे इनका हुनर निखरेगा।