वाहन खाई में गिरा, एक की मौत
संवाद सूत्र, त्यूणी : शनिवार तड़के विकासनगर से रोहडू हिमाचल प्रदेश जा रही एक टैक्सी हरिपुर-मीनस मार्ग
संवाद सूत्र, त्यूणी : शनिवार तड़के विकासनगर से रोहडू हिमाचल प्रदेश जा रही एक टैक्सी हरिपुर-मीनस मार्ग पर जामुवा के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक हिमाचल प्रदेश के चौपाल निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रुप से घायल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात को ट्रैक्स वाहन संख्या एचपी 1 ए-4299 सवारियों को छोड़ने विकासनगर गया था। शनिवार तड़के चालक विकासनगर से वापस रोहडू जाने के लिए निकला। इस दौरान हरिपुर-मीनस-त्यूणी मार्ग पर जामुवा के पास वाहन अनियंत्रित होकर तीन सौ मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में वाहन चालक सुरेंद्र कुमार (28) पुत्र केवलराम निवासी धनवडी़ तहसील चौपाल (हिमाचल प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि राहुल शर्मा पुत्र छज्जूराम शर्मा निवासी नागणी-पालपुर कांगड़ा गंभीर रुप से घायल हो गया। पशुपालकों की सूचना पर तहसीलदार चकराता डीडी वर्मा के निर्देशानुसार राजस्व निरीक्षक मायाराम चौहान, राजस्व उपनिरीक्षक तिलकराम जोशी व सीताराम चौहान टीम सहित तुंरत घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों की मदद से खाई में फंसे गंभीर घायल राहुल शर्मा को आपातकालीन सेवा-108 के जरिए उपचार के लिए लेहमन अस्पताल हरर्बटपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया। हादसे में गंभीर घायल राहुल शर्मा की हालत नाजुक बताई जा रही है। राजस्व पुलिस ने लेहमन अस्पताल में पीएम के बाद पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया।