विस चुनाव पर कांग्रेस ने शुरू किया मंथन
राज्य ब्यूरो, देहरादून: वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां त
राज्य ब्यूरो, देहरादून: वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने पार्टी के उपाध्यक्षों के साथ बैठक कर तैयारियों को लेकर गहन मंथन किया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों से राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जनहित की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस विधायक नहीं हैं, उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखने पर जोर दिया गया।
रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस कमेटी में 50 प्रकोष्ठ व विभागों का गठन किया गया है। वर्ष 2017 में होने वाले चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा सीट पर कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए बातचीत कार्यकर्ता सम्मेलन किए जा रहे हैं। पार्टी संगठन को बूथ व ग्राम स्तर तक मजबूती प्रदान करने के लिए चार-चार वरिष्ठ कांग्रेसजनों की टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगी। जहां पार्टी के विधायक नहीं हैं, वहां दायित्वधारियों को स्थानीय प्रशासन एवं कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, शंकर चंद रमोला, रविंद्र जैन, एसपी सिंह, साहब सिंह, अब्दुल रज्जाक, सूर्यकांत धस्माना व मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी आदि मौजूद थे।
तीन वरिष्ठ नेताओं को चेतावनी
देहरादून: प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि बीते दिनों ऊधमसिंह नगर में पार्टी के वरिष्ठ नेता किरण मंडल, सुरेश गंगवार व नारायण पाल द्वारा की गई बयानबाजी का पार्टी ने संज्ञान लिया है। इन तीनों नेताओं को भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी न करने की चेतावनी दी गई है। स्पष्ट किया गया है कि यदि इसकी पुनरावृत्ति की गई तो अनुशासनहीनता पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुशासन का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।