नगर पालिकाओं की वित्तीय स्थिति का होगा आकलन
राज्य ब्यूरो, देहरादून मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश की नगर पालिकाओं से अपने आर्थिक संसाधनों को
राज्य ब्यूरो, देहरादून
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश की नगर पालिकाओं से अपने आर्थिक संसाधनों को बढ़ाने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने सचिव नगर विकास को नगर पालिकाओं की वित्तीय स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिकाओं के स्थायी पदों को यथावत बनाये रखने एवं सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा योजना की सुविधा प्रदान के साथ ही उनका जीवन बीमा करने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। इसकी आधी धनराशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
बीजापुर अतिथि गृह में प्रदेश के नगर पालिका अध्यक्षों एवं सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष व पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री ने नगर पालिकाओं से अपने संसाधनों को बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर पालिकाएं अपनी आर्थिक स्थिति एवं संसाधनों के अनुसार कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के स्थायी पदों को समाप्त नहीं किया जाएगा। सफाई कर्मियों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने के साथ ही उनका 50 हजार तक का जीवन बीमा किया जाएगा। प्रीमियम की आधी धनराशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, सचिव नगर विकास डीएस गब्र्याल, सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष किरन पाल वाल्मिकी, नगर पालिका अध्यक्ष मसूरी, मनमोहन मल्ल, ऋषिकेश दीप शर्मा सहित विभिन्न नगर पालिकाओं के अध्यक्ष व सफाई कर्मचारी यूनियन की सचिव मीनू गागट आदि उपस्थित थे।