यात्रियों को मौसम से रखा जाएगा अपडेट
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में आने वाले यात्रियों को अब मार्ग पर पड़ने वाले जिलों के मौसम के बारे
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में आने वाले यात्रियों को अब मार्ग पर पड़ने वाले जिलों के मौसम के बारे में अपडेट रखा जाएगा। इसके लिए सरकार रजिस्ट्रेशन केंद्रों के अलावा मोबाइल पर एसएमएस के जरिए इन जानकारियों को यात्रियों तक पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना है कि प्रदेश में चारधाम यात्रा फिर से व्यवस्थित कर दी गई है। सरकार पूरी तरह से सुरक्षित चारधाम यात्रा कराने में सक्षम है।
सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि सरकार ने भारी बरसात के कारण अवरुद्ध हुए मार्गो को खोल दिया है। केदारनाथ में पैदल यात्रा शुरू कर दी गई है। मौसम पर नजर बनाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। यात्रियों को ऋषिकेश व आगे के अन्य स्थानों पर मौसम की जानकारी दी जाएगी ताकि वह अपनी यात्रा के संबंध में निर्णय ले सकें। यात्रा के दौरान जो मोबाइल नंबर यात्री पंजीकृत कराएंगे, उन नंबरों पर मौसम संबंधी जानकारी देने के लिए अधिकारियों से योजना बनाने को कहा गया है। अब चारधाम यात्रा में पहले से ढाई गुना पुलिस व एसडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। सोनप्रयाग के पास अस्थायी थाना खोला जा रहा है। सुरक्षित यात्रा के लिए मार्ग पर चार एसडीएम स्तर के अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात की अनिश्चितता तो हैं लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के बंदोबस्त हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैलाश मानसरोवर मार्ग पर हुई महिला बीना गुप्ता की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका शव काठगोदाम में उनके परिजनों को सौंपा जाएगा
हम जनता के मन की बात सुनते हैं
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े लोग जनता को मन की बात सुनाते हैं। हम छोटे लोग हैं, हम जनता के मन की बात सुनते हैं। कई बार यह बातें कार्ययोजना बनाने में खासी सहायक सिद्ध होती है।
नशे के खिलाफ अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नशे के खिलाफ अभियान चलाएं। विशेषकर देहरादून, ऋषिकेश व खटीमा जैसे क्षेत्रों में जहां ज्यादा मामले सामने आए हैं उन स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए जनांदोलन चलाए जाने की भी जरूरत है।
दोषियों को दंड मिलेगा
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के मामले में कार्रवाई चल रही है। यदि जरूरत पड़ी तो वह स्वयं सारी रिपोर्ट मंगाएंगे। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।