सरकार पर बरसे विधायक
जागरण संवाददाता, देहरादून: मसूरी विधायक गणेश जोशी मंगलवार को राज्य सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा
जागरण संवाददाता, देहरादून: मसूरी विधायक गणेश जोशी मंगलवार को राज्य सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भाजपा विधायकों के क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। साथ ही मलिन बस्तियों के लोगों को भी गुमराह किया जा रहा है। विधायक ने नौ मार्च को कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय घेराव का ऐलान किया है।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से मुखातिब जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में विकास कार्य ठप हैं और भाजपा विधायकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। नौकरशाह मुख्यमंत्री तक के आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं। मसूरी की मल्टीपर्पज पार्किग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग में उनके द्वारा 31.95 करोड़ स्वीकृत कराए गए। इसका टेंडर हुआ, जो निरस्त कर दिया गया। अब अधिकारी कह रहे हैं कि इसका डिजाइन बदला जा रहा है। इसी तरह गढ़ी कैंट, राजेंद्रनगर, सालावाला, आर्यनगर, डोभालवाला, सहस्रधारा व राजपुर में करीब 15 किमी सड़कों के प्रस्ताव एक वर्ष से अधर में लटके हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने ढाकपंट्टी चौक पर शहीद मनोज राणा द्वार की घोषणा की थी। जिस पर अभी तक अमल नहीं हुआ। इसके अलावा कालीरौ पर पुल निर्माण की घोषणा भी धरातल पर नहीं उतर पाई है।
जोशी के अनुसार विधानसभा में उनके सवाल पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गढ़ी कैंट में पेयजल ट्यूबवेल लगवाने की बात कही थी। अब तक इसका सिर्फ सर्वे ही हो पाया। मलिन बस्तियों का जिक्र करते जोशी ने कहा कि कांग्रेस के दो-दो मुख्यमंत्री बस्तियों के नियमितीकरण की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन जिलाधिकारी के मौखिक आदेश पर वहां के विद्युत व जल संयोजन बंद किए जा रहे हैं।