विश्व में उत्तराखंड से जाता योग का संदेश: डा. महेश शर्मा
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि समूचे विश्व में उत्तराखंड से ही योग संस्कृति का संदेश जाता है। यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण संबंधी राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार अमल करेगी।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के अतिथि गृह गंगा रिजॉर्ट में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉ. महेश शर्मा व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संयुक्त रूप से किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन संस्कृति और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के माध्यम से वह यहां की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देंगे। योग संस्कृति को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने का संकल्प उत्तराखंड से उठा है। विश्व में पर्यटन दृष्टिकोण से भारत की हिस्सेदारी एक प्रतिशत से भी कम है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि राज्यों को मिलने वाली केंद्रीय योजनाओं के पूर्ण होने की अवधि दो वर्ष निर्धारित है इसे बढ़ाकर तीन वर्ष किया गया है। शीघ्र ही इसे चार वर्ष किया जाएगा। मुख्यमंत्री की जौलीग्रांट एयरपोर्ट का 24 घंटे उपयोग, नाइट लैंडिंग व इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने संबंधी राज्य सरकार का प्रस्ताव मिलने पर उस पर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि विश्व को योग भारत की देन है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने योग के महत्व को स्वीकारा है। यहां केंद्र सरकार योग शोध संस्थान की स्थापना करे तो पूरा विश्व उत्तराखंड में योग के इतिहास को जानेगा। केंद्र को राज्य सरकार इस बाबत अनुरोध प्रस्ताव भेजेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सूबे के सचिव पर्यटन डॉ. उमाकांत पंवार को निर्देश दिए कि प्राइवेट सेक्टर के योग केंद्रों में प्रशिक्षकों का 75 फीसद खर्च सरकार वहन करेगी। योग ध्यान केंद्र को चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्र के एक हजार स्कूलों को सरकार चयनित करने जा रही है। इनमें पार्ट टाइम योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में केदारनाथ धाम नए स्वरूप में सामने आएगा और यह हमारी संकल्प शक्ति का प्रतीक बनेगा। उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से जौलीग्रांट एयरपोर्ट में हवाई सेवाएं बढ़ाने, इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने, पंतनगर में तकनीकी खामी को दूर कर लैंडिंग समस्या से निजात दिलाने की मांग की। सूबे के पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि पर्यटन विभाग मसूरी, रानीखेत और नैनीताल को वाई-फाई सुविधा से जोड़ेगा। उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम देहरादून के नाम पर रखने की मांग की। नरेंद्रनगर क्षेत्र के विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि आज योग घर-घर का हिस्सा बन गया है। यह क्षेत्र योग की जननी है। केंद्र सरकार इस क्षेत्र को योग की मां के रूप में अधिसूचित करे।
कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, अपर सचिव पर्यटन आशीष जोशी, डीएम पौड़ी वाईके पंत, जीएमवीएन के एमडी सी. रविशंकर, पद्मभूषण भरत भूषण, टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, पालिकाध्यक्ष ऋषिकेश दीप शर्मा, मुनिकीरेती शिवमूर्ति कंडवाल, मंडी समिति के पूर्व सभापति राकेश अग्रवाल, बचन पोखरियाल आदि उपस्थित थे। संचालन पूर्व राजदूत सीएम भंडारी ने किया।
पुस्तक का विमोचन
महोत्सव के दौरान केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉ महेश शर्मा ने नेत्रहीन पर्यटकों के लिए पुरातत्वविद् डॉ वसंत स्वर्णकार द्वारा लिखी लघु पुस्तिका का विमोचन किया। डॉ. स्वर्णकार ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण देहरादून मंडल की ओर से नेत्रहीन पर्यटकों की सुविधा के लिए इस पुस्तिका का प्रकाशन किया गया है। वहीं, डॉ. मनोज रांगड़ द्वारा ओशो पर लिखी पुस्तक का विमोचन भी किया गया।